adani

बंगाल में दस हजार करोड़ का निवेश करेगा अडानी समूह

कोलकाता। बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट में उद्योगपतियों ने राज्य में निवेश की कई घोषणाएं की, लेकिन सबसे बड़े निवेश की घोषणा अडानी समूह की ओर से की गई। समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने कहा कि उनका समूह राज्य में आने वाले वर्षों में दस हजार करोड़ का निवेश करेगा। जिससे 25 हजार लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। कोरोना के कारण दो साल तक स्थगित रहने के बाद फिर से शुरु हुए बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट 2022 के बुधवार को यहां आयोजित उद्घघाटन समारोह में देश विदेश के उद्योगपतियों का जमावड़ा रहा।

बंगाल में हजारों करोड़ के निवेश की घोषणा की गई। राज्यपाल जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के विकास में निवेश और उद्योग की जरूरत पर बल दिया। राज्य में उद्योगों की स्थापना और निवेश के उपयुक्त वातावरण तैयार करने का दावा किया गया। लगभग ढाई घंटे तक चले उद्घघाटन समारोह को राज्यपाल जगदीप धनखड, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत देश के जाने माने उद्योगपतियों, विदेशी मेहमानों ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने अपने वक्तव्य में राज्य की उपलब्धियों का बखान किया। विकास की नई नीतियों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। राज्य के आर्थिक विकास सूचकांकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अब उनकी प्राथमिकता आने वाले वर्षों में डेढ़ करोड़ से ज्यादा रोजगार सृजन करने की है। अपनी तीसरी पारी को वे इस लक्ष्य को हासिल करने में लगाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *