उत्तर बंगाल की खबरों पर एक नजर…

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पंचायत चुनाव में पूरी ताकत से मैदान में उतरने का दिया संदेश

अलीपुरदुआर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार इनदिनों पंचायत चुनाव के मद्देनजर अंचल सम्मेलनों में शामिल होने के साथ ही संगठन मजबूत करने के लिए कूचबिहार व अलीपुरदुआर के दौरे पर हैं। बीते शुक्रवार को कूचबिहार में अंचल सम्मेलन के बाद शनिवार को वह अलीपुरदुआर में बैठकों में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने अलीपुरदुआर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आगामी पंचायत चुनाव में पूरी ताकत से मैदान में उतरने का कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है। वह  अलीपुरद्वार जिले के शालकुमार 1 नंबर अंचल के जलदापाड़ा नतुनपाड़ा इलाके में भाजपा के अंचल सम्मेलन में पहुंचे। कार्यक्रम में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में आवास योजना में भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार पर जमकर कटाक्ष किया। मिड-डे-मील सहित कई मुद्दों पर राज्य सरकार पर उन्होंने राज्य सरकार को घेरा।

समय पर नहीं पहुंचे डॉक्टर, ग्रामीण अस्पताल में लोगों ने किया प्रदर्शन
अलीपुरदुआर। सुबह 11 बजे भी अस्पताल के आउटडोर में कोई डॉक्टर नहीं पहुंचा। इधर इंतजार करते करते मरीजों की तबीयत और बिगड़ने लगी। मामले से आक्रोशित लोगों ने अस्पताल पर विरोध प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गये। घटना शनिवार को सुलकापाड़ा ग्रामीण अस्पताल में हुई। चिकित्सक को देखने पहुंचे मरीजों ने भी ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी के कक्ष में जाकर विरोध जताया। बाद में ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुपर्णा हालदार ने खुद आनन-फानन में बाहर आकर बैठकर स्थिति को संभाला। उन्होंने कहा, “डॉक्टर के समय पर नहीं आने से दिक्कत हुई है। बाद में इसका समाधान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार किसी भी अस्पताल के आउटडोर के खुलने का समय सुबह नौ बजे है। लेकिन साढ़े 11 बजे भी उस ग्रामीण अस्पताल में आउटडोर में कोई डॉक्टर नहीं था। जिसके भरोसे नागराकाटा के निवासी अपने बीमार परिजनों को लेकर आये थे। इससे दूर से आये मरीज इंतजार करते करते मरीजों का धैर्य टूट गया। स्थानीय व्यक्ति अनिमेष दास ने कहा, ‘जिस डॉक्टर को आउटडोर में बैठना था, वह समय पर नहीं आया।’ शिकायत करने गया तो अपशब्द सुनने पड़े। यह सही नहीं है। सरकारी अस्पताल गरीबों की आस हैं। इसलिए इसकी परिसेवा सही होनी चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस पार्टी कार्यालय में जिला नेताओं के साथ बैठक
कूचबिहार। कूचबिहार जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अभिजीत दे भौमिक ने पार्टी कार्यालय में जिला नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में तृणमूल विधायक  परेश चंद्र अधिकारी, कूचबिहार जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष गिरिंद्रनाथ बर्मन, उत्तर बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा और जिले के अन्य नेता उपस्थित थे। बैठक के बाद  अभिजीत दे भौमिक ने पत्रकारों को बताया कि अभिषेक बनर्जी 11 फरवरी को कूचबिहार पहुचेंगे वह माथाभांगा कॉलेज मैदान में जनसभा करेंगे।

स्टेट हाईवे पर सड़क हादसे में 2 की मौत, विरोध में स्थानीय लोगों ने किया जाम
कूचबिहार। माथाभंगा-कूचबिहार स्टेट हाइवे के दोलंग मोड़ इलाके के न्यू माथाभंगा हाई स्कूल के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में 2 बाइक सवार युवकों की मौत हो गयी। मृत युवकों के नाम विक्रम बर्मन (28) और गोविंद राय (25) हैं। ये कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। ज्ञात हुआ है कि इस दिन वे बाइक से माथाभंगा की ओर जा रहे थे। उस समय पुलिस चेकिंग के चलते ड्यूटी पर तैनात सिविक वॉलंटियर ने अचानक वहां बैरिकेड लगा दिया। बेरिकेड्स से टकराकर दो लोग बाइक समेत सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाकर माथाभांगा उप जिला अस्पताल भेजा। जिनमें से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे की माथाभंगा उप जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने पुलिस के खिलाफ रोष जताते हुए सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर निशीगंज व घोकसडांगा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ देर तक पथावरोध चलने के बाद पुलिस के आश्वासन पर स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को बरामद कर लिया है। माथाभांगा एसडीपीओ सुरजीत मंडल ने बताया कि दो शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरी घटना की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय निवासी विश्वनाथ दास ने बताया कि हादसे की शिकार हुई बाइक सड़क की बजाय बैरिकेड के पास से गुजरने की कोशिश कर रही थी। उस समय ड्यूटी पर मौजूद सिविक वोलेंटियर ने अचानक बैरिकेड को बाइक की ओर धकेल दिया। बाइक बैरिकेड से टकरा गई और वे गिर पड़े।
स्वामी विवेकानंद की जयंती पर वैदिक मंत्रोच्चारण, शास्त्र पाठ, होम यज्ञ का आयोजन
जलपाईगुड़ी। जलपाईगुड़ी रामकृष्ण मिशन आश्रम में शनिवार को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। जलपाईगुड़ी रामकृष्ण मिशन आश्रम में आज स्वामी विवेकानंद की जयंती पर वैदिक मंत्रोच्चारण, शास्त्र पाठ, होम यज्ञ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय तथा आसपास के भक्त उपस्थित थे। पूजा पाठ के बाद दोपहर में सभी को प्रसाद बांटा गया। विवेकानंद की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर स्वामीजी को श्रद्धांजलि देने के बाद पूरे दिन तक आश्रम परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *