
कोलकाता। लोकसभा चुनाव से पहले कोलकाता के गंगा घाट पर देव दीपावली का आयोजन होने जा रहा है। रविवार को होने वाले इस आयोजन में कोलकाता नगर निगम सहयोगी बना है। 10 हजार से अधिक दिए गंगा घाट पर चलाए जाएंगे। इसे लेकर भाजपा पार्षद सजल घोष और कोलकाता के मेयर तथा ममता कैबिनेट मंत्री फिरहाद हकीम के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सजल घोष ने कहा है कि सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस हमेशा से तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है।
हमेशा अल्पसंख्यकों का तुष्टिकरण करती है और अब लोकसभा चुनाव आ रहा है तो हिंदुओं के तुष्टीकरण में जुट गई है। कोलकाता नगर निगम जैसी संस्था जो हिंदुओं को अपमानित करने के लिए कुख्यात रही है, वह लोकसभा चुनाव से पहले गंगा घाट पर देव दिवाली का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी तरह से ममता बनर्जी ने दीघा में जगन्नाथ मंदिर बनाया है। यह कभी भी सरकार का काम नहीं हो सकता।
इस पर फिरहाद हकीम ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस हमेशा लोगों के साथ रहती है। उसे इस तरह से हिंदू या मुस्लिम किसी के भी तुष्टिकरण की जरूरत नहीं है। तुष्टिकरण की राजनीति और धर्म की बातें सिर्फ भाजपा करती है, लेकिन बंगाल के लोग हमेशा उन्हें नकीरते रहे हैं और नकारते रहेंगे। गंगा घाट पर देव दीपावली के आयोजन को लेकर उन्होंने कहा कि गंगा घाट पर दीप जलाने का काम एक ट्रस्ट कर रही है। कोलकाता नगर निगम इसमें कहीं नहीं है।