
कोलकाता। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय बंगाल दौरे पर सोमवार सुबह 11.30 बजे कोलकाता पहुंचेंगी। द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल का दौरा कर रही हैं। वह दो दिवसीय दौरे पर बंगाल आ रहीं हैं। नबन्ना सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार सोमवार दोपहर को राष्ट्रपति मुर्मू को नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम नेताजी इंडोर में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल होंगी। नागरिक सम्मान समारोह से पहले राष्ट्रपति नेताजी सुभाष चंद्र बोस के एल्गिन रोड स्थित आवास नेताजी भवन जाएंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वहां से जोड़ासांकों स्थित रवीन्द्रनाथ टैगोर के घर जाएंगी। इसके बाद उनका कोलकाता में सरकारी बैंक के एक कार्यक्रम में शिरकत करने का कार्यक्रम है। नबन्ना सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रपति उस दिन रात राजभवन में रुकेंगी अगली सुबह 28 मार्च को उनका बेलूर मठ जाने का कार्यक्रम है। वहां से द्रौपदी मुर्मू बीरभूम में शांतिनिकेतन जाएंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शहर में पहले से ही सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। शहरभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दी गई है।
जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार मंगलवार को शांतिनिकेतन में विनय भवन से सटे कुमिरडांगा मैदान में राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर उतरेगा। वहां द्रौपदी मुर्मू का दोपहर में विश्व भारती के रवींद्र भवन, कला भवन, आश्रम परिसर जाने और आम्रकुंज के जौहरवेदी में विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में राज्यपाल सीवी आनंद बोस भी मौजूद रहेंगे। यह पहली बार होगा जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्यपाल सीवी आनंद बोस शांतिनिकेतन जाएंगी।
सूत्रों के मुताबिक पूरे बोलपुर शहर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस के आला अधिकारियों ने भी समय-समय पर बैठकें कीं। बीरभूम जिले के पुलिस अधीक्षक भास्कर मुखोपाध्याय ने कहा, ‘प्रोटोकॉल के मुताबिक राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए जो कुछ भी करने की जरूरत है, वह किया जा रहा है।’