
कोलकाता। देवी दुर्गा के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में कुर्मी समुदाय के नेता अजीत महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुरुलिया सदर थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। आरोप है कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर मां दुर्गा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। 16 सितंबर को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया है कि महतो के खिलाफ पुरुलिया के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन हुए थे।
उन्होंने मां दुर्गा के साथ ही अन्य देवी देवताओं के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने कहा है कि दुर्गा पूजा और सरस्वती पूजा हमारे लिए नहीं है। सरस्वती के चार हाथ हैं जबकि मां दुर्गा के 10. भगवान पंचानन के पांच हाथ हैं। क्या यह संभव है। क्या कोई भी इतने हाथों के साथ कभी जन्म ले सकता है? यह सब फर्जी हैं। उसने कहा कि 10 हाथों के साथ मां दुर्गा कैसे सोती होगी?
उन्होंने देवी दुर्गा के कपड़ों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनकी तत्काल गिरफ्तारी की भी मांग की गई थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में गिरफ्तारी नहीं की है। पुरुलिया जिला पुलिस सूत्रों ने बताया है कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की गई है।