भाजपा नेता की हत्या के खिलाफ 12 घंटे बंद का आह्वान

कोलकाता: पूर्व मेदिनीपुर के मोयना में भारतीय जनता पार्टी के नेता विजय कृष्ण भुइयां की हत्या के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने 12 घंटे बंद का आह्वान किया है। सोमवार रात हत्या के बाद मंगलवार दोपहर के समय शुभेंदु घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। टायर जलाए गए। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं का केवल इतना ही अपराध है कि वो भाजपा के कार्यकर्ता हैं।

इसलिए उन्हें मौत के घाट उतारा जा रहा है। हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को इसी इलाके में फर्जी केस में पुलिस ने फसाया है। ममता बनर्जी के शासन में बंगाल में जंगलराज है। पुलिस सत्तारूढ़ पार्टी के गुलाम की तरह काम कर रही है। इसके बाद ही उन्होंने कहा कि बुधवार को पूरे इलाके में 12 घंटे का बंद रहेगा। सुबह 6:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक बाजार दुकान यातायात बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि मृतक परिवार से मिला हूं। वे लोग बेहद दुखी हैं।

पुलिस सहयोग नहीं कर रही और घटना को पारिवारिक विवाद करार देने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ आवश्यकता पड़ने पर हाई कोर्ट का रुख किया जाएगा लेकिन हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा। उल्लेखनीय है कि परिवार ने दावा किया है कि सोमवार रात विजय कृष्ण को तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनकी पत्नी के सामने मारा पीटा। उसके बाद घर से उठाकर ले गए और मौत के घाट उतार कर घर के पास में शव को फेंक दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *