Asia Cup 2022 : रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया

दुबई। भारत ने हार्दिक पांड्या (तीन विकेट, 33 रन) के हरफनमौला खेल की बदौलत पाकिस्तान को एशिया कप 2022 में रविवार को पांच विकेट से मात दी। पाकिस्तान ने भारत को 20 ओवर में 148 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे रोहित शर्मा की टीम ने दो गेंदें रहते ही हासिल कर लिया। पाकिस्तान ने 308 दिन पहले टी20 विश्व कप में भारत को इसी मैदान पर हराया था मगर भारत ने अतीत को पीछे छोड़ते हुए पाकिस्तान को इस बार पछाड़ा। भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए सात रन बनाने थे। पहली ही गेंद पर मोहम्मद नवाज़ ने रवींद्र जडेजा को बोल्ड कर दिया। दूसरी गेंद पर दिनेश कार्तिक ने एक रन लिया लेकिन तीसरी गेंद पर पांड्या कोई रन नहीं बना सके।

अब तीन गेंद में छह रन बनाने थे। चौथी गेंद पर हार्दिक ने छक्का जमाकर मैच भारत की झोली में डाल दिया। हार्दिक 17 गेंद में 33 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने चार चौके और एक छक्का जमाया। भारत के लिए जडेजा और विराट कोहली ने 35- 35 रन बनाए।भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहला मैच खेल रहे नसीम शाह ने केएल राहुल को दूसरी ही गेंद पर बोल्ड कर दिया। वो खाता भी नहीं खोल पाए।

दो गेंद बाद विराट कोहली भी पैवेलियन लौट गए होते लेकिन फखर ज़मां कैच नहीं पकड़ पाए। पहले ओवर में भारतीय टीम के खाते में सिर्फ़ तीन रन जुड़े। इससे पहले भुवनेश्वर कुमार (चार विकेट) और हार्दिक पांड्या (तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान को एशिया कप 2022 में रविवार को 147 रन पर ऑल आउट किया। पाकिस्तान के लिये मोहम्मद रिज़वान ने सर्वाधिक 43 रन बनाये। भारत ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

15 − 3 =