Cyclone 'Dana': Meteorological Department warns of heavy rain in South Bengal

चक्रवात दाना: बंगाल में दो और लोगों की मौत हो जाने से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हुई

कोलकाता, 26 अक्टूबर : पश्चिम बंगाल में भीषण चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के कारण दो और लोगों की मौत हो जाने से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पूर्व वर्धमान जिले के बुड बुड में कथित तौर पर बिजली के तार को छूने से एक नागरिक स्वयंसेवक चंदन दास (31) की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब वह पुलिस टीम के साथ बाहर गया था।

उन्होंने बताया कि हावड़ा नगर निगम का एक कर्मचारी तांतिपारा में बारिश के पानी से भरी सड़क पर मृत पाया गया। ऐसा संदेह है कि उसकी मौत डूबने के कारण हुई।

भीषण चक्रवाती तूफान ‘दाना’ ने शुक्रवार की सुबह पूर्वी तट पर दस्तक दी, जिसके कारण मूसलाधार बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं, पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए तथा ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बुनियादी ढांचे और फसलों को काफी नुकसान पहुंचा।

ओडिशा में केंद्रपाड़ा के भीतरकनिका और भद्रक जिले के धामरा के बीच बृहस्पतिवार रात करीब 12.05 बजे चक्रवात के आने की प्रक्रिया शुरू हुई थी और उस दौरान हवा की रफ्तार लगभग 110 किलोमीटर प्रति घंटे थी। वहीं, शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे यह प्रक्रिया पूरी हो गई थी।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × two =