माई भारत और केयर ऑफ खेजुरी के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न इलाकों में चला स्वच्छता अभियान, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी हुई
संवाद सूत्र, खड़गपुर। माई भारत के ‘सेवा पखवाड़ा 2026-27’ कार्यक्रम के तहत केयर ऑफ खेजुरी के सहयोग से खेजुरी के विभिन्न इलाकों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया गया।
अभियान के तहत हिजली समुद्र तट, खेजुरी-2 प्रखंड कार्यालय परिसर, हेंड़िया स्टेशन परिसर सहित विभिन्न सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें माई भारत के स्वयंसेवकों के साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने सक्रिय भागीदारी की। स्वयंसेवकों ने सार्वजनिक स्थलों से कचरा हटाने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।
इसी क्रम में खेजुरी कॉलेज परिसर में भी विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवकों, केयर ऑफ खेजुरी के सदस्यों तथा माई भारत के स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर और आसपास की सड़कों की साफ-सफाई की। अभियान के दौरान लोगों को कचरे के उचित निस्तारण, उसके पृथक्करण, पुनर्चक्रण तथा प्रभावी वेस्ट मैनेजमेंट के प्रति जागरूक किया गया।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता से जुड़े संदेशों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में खेजुरी कॉलेज के टीचर-इन-चार्ज गौतम दंडपाट, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी विदेश माहाली, केयर ऑफ खेजुरी के अध्यक्ष शुभ्रजीत पंडा, एनएसएस के छात्र-छात्राएं, माई भारत के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से स्वच्छ और जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। ‘स्वच्छ भारत’ से ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ने के लिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सहभागिता को अभियान का आधार बनाया गया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

