संवाद सूत्र, खड़गपुर। बेरोजगारी, प्रश्नपत्र लीक और शिक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार के साथ-साथ शराब, जुआ और सट्टेबाजी जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ युवाओं को संगठित करने का आह्वान किया गया। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गनाइजेशन (एआईडीवाईओ) की पूर्व मेदिनीपुर उत्तर संगठनात्मक जिला समिति के रामतारकहाट क्षेत्रीय समिति का पांचवां युवा सम्मेलन आयोजित हुआ।
सम्मेलन के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया गया।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि युवाओं के सामने बेरोजगारी एक गंभीर सामाजिक समस्या बनती जा रही है।
सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से स्थायी नियुक्ति तथा सभी बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। प्रश्नपत्र लीक और नियुक्ति प्रक्रिया में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की भी मांग की गई।
युवाओं को नशे, जुआ और सट्टेबाजी से दूर रखने तथा स्वस्थ सामाजिक एवं सांस्कृतिक वातावरण विकसित करने पर भी जोर दिया गया। इस दिशा में महापुरुषों और मनीषियों के जीवन एवं विचारों का नियमित अध्ययन और चर्चा करने का संकल्प लिया गया।
सम्मेलन में 50 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। सम्मेलन के अंत में 17 सदस्यीय रामतारकहाट क्षेत्रीय समिति का गठन किया गया। रमेश प्रमाणिक को अध्यक्ष तथा मुरारी पात्र को सचिव चुना गया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

