युवा प्रतिभाओं का सम्मान शिक्षाविद डॉ. रश्मि मिश्रा की अमिट स्मृति में सार्थक आदरांजलि – निगम सभापति कलावती यादव
उज्जैन। विक्रम विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंकों के साथ कला, वाणिज्य और विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्धि अर्जित करने वाले विद्यार्थियों और विभिन्न सेवाओं में चयनित युवाओं का हुआ सम्मान। प्रसिद्ध शिक्षाविद और प्राध्यापिका डॉ. रश्मि मिश्रा की स्मृति में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन उज्जैन में किया गया।
इस अवसर पर विक्रम विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ वाणिज्य, कला और विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्धि अर्जित करने वाले विद्यार्थियों एवं विभिन्न सेवाओं में चयनित युवाओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता उज्जैन नगर पालिक निगम की सभापति कलावती यादव ने की।
मुख्य अतिथि प्रसिद्ध उद्योगपति एवं भारतीय जेसीस के पूर्व अध्यक्ष रमेश साबू, विशिष्ट अतिथि विक्रम विश्वविद्यालय एवं रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के पूर्व कुलपति प्रोफेसर रामराजेश मिश्र, विक्रम विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा एवं मेडिकल ऑफिसर डॉ. लक्ष्यजीत मिश्रा थे।
समारोह को संबोधित करते हुए उज्जैन नगर पालिका निगम की माननीय सभापति कलावती यादव ने कहा कि शिक्षाविद डॉ. रश्मि मिश्रा का शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान अविस्मरणीय है। जीवन में आगे बढ़ाने में स्त्रियों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। परिवार के सहयोग के बिना युवा आगे नहीं बढ़ सकते।
रश्मि मिश्रा की रश्मियाँ हमारे समाज को इसी प्रकार प्रकाश देती रहेंगी। उन्होंने अपने कर्मनिष्ठ जीवन से जो संदेश दिया है उसे युवा अपने व्यवहार में उतारें। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष युवा प्रतिभाओं को सम्मानित करना महत्वपूर्ण है। यह उनकी अमिट स्मृति में सार्थक आदरांजलि है।
उज्जैन के फ्यूचर विजन कॉलेज में सम्पन्न इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोटिवेशनल स्पीकर एवं वरिष्ठ उद्योगपति रमेश साबू ने कहा कि भारत की जीडीपी में महिलाओं के योगदान को जोड़ा जाए तो हमारी जीडीपी बहुत अधिक बढ़ जाएगी, जिसकी ओर ध्यान नहीं जाता है। मूल्य के संवर्धन में महिलाओं अत्यधिक योगदान रहता है।
महिलाएं अपने पास परिवार संचालन के लिए बैलेंस रखती हैं जो भविष्य में काम आता है। युवा प्रतिभाएं किसी से तुलना न करते हुए स्वयं का लक्ष्य निर्धारित करें। जो व्यक्ति किसी की सहायता करता है वही सहायता दूसरों से प्राप्त कर सकता है। असफलता सफलता की सीढ़ी है, इससे युवा घबराए नहीं।
पूर्व कुलपति प्रोफेसर रामराजेश मिश्रा ने कहा कि प्रो. रश्मि मिश्रा करुणा, प्रेम एवं विनम्रता की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर महत्वपूर्ण शोध किया था। मनुष्य का परस्पर समर्पण समाज को निर्मित करता है।
डॉ. रश्मि एक संस्कारवान परिवार का प्रतिनिधित्व करती थीं। उनकी स्मृति में पिपलिया राघो गांव में रश्मि तीर्थ सरोवर निर्मित किया गया है। एक विदुषी के अवदान में प्रतिवर्ष दिया जाने वाला यह सम्मान नई पीढ़ी का सम्मान है।
कार्यक्रम की पीठिका प्रस्तुत करते हुए कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि डॉ. रश्मि मिश्रा सादगी, सरलता और स्वावलंबन की साक्षात प्रतिमूर्ति थीं। स्वागत उद्बोधन फ्यूचर विजन कॉलेज के निदेशक डॉ. राजेश पण्ड्या ने दिया।
प्रारम्भ में अतिथियों का स्वागत फ्यूचर विजन कॉलेज के निदेशक प्रोफेसर राजेश पण्ड्या, प्राचार्य अविनाश तिवारी, मेडिकल ऑफिसर डॉ. लक्ष्यजीत मिश्रा, डॉ. कृपांशु खंडेलवाल आदि ने किया। इस अवसर पर अतिथियों का सम्मान वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय से डॉ. गौरव विद्यार्थी एवं विज्ञान और कला संकाय से प्रो. ललित चौहान ने किया।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विक्रम विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ विभिन्न सेवाओं में चयनित युवाओं को सम्मान पत्र, अंगवस्त्र एवं सम्मान राशि अर्पित कर उन्हें सम्मानित किया गया।
डॉ. रश्मि मिश्र स्मृति सम्मान कु. रचना राठौर को विक्रम विश्वविद्यालय की एम.एससी. (केमेस्ट्री) परीक्षा में गोल्ड मेडल, एवं विक्रम विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रदान किया गया।
कु. तनीषा जैन को विक्रम विश्वविद्यालय की बीएससी तृतीय वर्ष परीक्षा में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विक्रम विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने और फ्यूचर विजन कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रदान किया गया।
कु. राशि यादव को विक्रम विश्वविद्यालय की बीएससी परीक्षा में 82.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर, फ्यूचर विजन कॉलेज में प्रथम स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया गया।
कु. रुचि जैन को विक्रम विश्वविद्यालय की बीएससी प्रथम वर्ष परीक्षा में 82.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर, फ्यूचर विजन कॉलेज में प्रथम स्थान पर आने पर प्रदान किया गया।
कु. अनन्या मालवीय को विक्रम विश्वविद्यालय की बीकाम कम्प्यूटर एप्लीकेशन (प्रथम वर्ष) परीक्षा में 83.5 प्रतिशत अंक प्राप्त करने एवं कु. ओजस्वी रुनवाल को विक्रम विश्वविद्यालय की बीबीए प्रथम वर्ष परीक्षा में 87.5 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर यह सम्मान अर्पित किया गया।
फ्यूचर विजन कॉलेज के होनहार विद्यार्थी आदित्य द्विवेदी के चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने पर, फ्यूचर विजन कॉलेज की होनहार विद्यार्थी मितांशी विजयवर्गीय के असिस्टेंट मेनेजर, सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पद पर चयनित होने पर प्रदान किया गया।
फ्यूचर विजन कॉलेज की होनहार विद्यार्थी कु. आयुशी गुल्हाटी के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में चयनित होने पर प्रो. रश्मि मिश्र स्मृति सम्मान के अंतर्गत सम्मान राशि और अभिनंदन पत्र से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. राजेश पंड्या, प्राचार्य श्री अविनाश तिवारी और समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स उपस्थित थे। कार्यक्रम में प्रो. संगीता दवे ने सुमधुर गीत की प्रस्तुति की।
कार्यक्रम का संचालन रासेयो कार्यक्रम अधिकारी दुर्गा शंकर सूर्यवंशी ने किया। आभार प्रदर्शन प्राचार्य डॉ. अविनाश तिवारी ने किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

