दिल्ली में यलो अलर्ट जारी, तीन दिनों तक शीतलहर की चेतावनी

नयी दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। तीन दिनों तक दिल्ली में तेज शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में 16 से 18 जनवरी तक यानी तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और तेज शीतलहर की चेतावनी दी है। लोगों से ठंड को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। जब न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री से नीचे होता है तो मौसम विभाग इसे शीतलहर मानता है।

पहाड़ों पर गिर रही बर्फ और सर्द हवाओं के चलते दिल्ली समेत उत्तर पश्चिमी भारत में पारा नीचे गिर गया है। 15 जनवरी को दिल्ली का तापमान 5 डिग्री से नीचे था। राजधानी के सफदरजंग इलाके में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज किया गया। जफरपुर में 2.6 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड इलाके में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर भारत की बात करें तो राजस्थान में रात सबसे सर्द रही, चुरू में सबसे न्यूनतम तापमान (-)2.5 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 1.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 से 18 जनवरी तक उत्तरी पश्चिमी भारत में शीतलहर की स्थिति रहने का अनुमान लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *