- ऑपरेशन सिंदूर के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर शुरू हुई श्रेय की राजनीति
नई दिल्ली | 30 दिसंबर 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच ऑपरेशन सिंदूर के बाद लागू हुए सीजफायर को लेकर अब अंतरराष्ट्रीय राजनीति तेज हो गई है। पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार यह दावा किया कि उनकी पहल से दोनों देशों के बीच युद्ध टला, और अब इस “क्रेडिट वॉर” में चीन ने भी एंट्री ले ली है।
हालांकि भारत ने शुरुआत से ही साफ कर दिया है कि भारत–पाकिस्तान के बीच किसी भी तरह की तीसरे पक्ष की मध्यस्थता नहीं हुई है, और सीजफायर दोनों देशों के सैन्य स्तर पर आपसी बातचीत से संभव हुआ।
चीन का दावा: हमने तनाव कम कराने में भूमिका निभाई
हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्थिति और चीन के विदेशी संबंधों पर आयोजित एक संगोष्ठी में बोलते हुए चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने दावा किया कि चीन ने भारत और पाकिस्तान समेत कई वैश्विक तनाव वाले क्षेत्रों में शांति बहाली के प्रयास किए।

वांग यी ने कहा, “इस वर्ष स्थानीय संघर्ष और सीमा पार झगड़े द्वितीय विश्व युद्ध के बाद किसी भी समय से अधिक भड़के। भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच हमने सही दृष्टिकोण अपनाते हुए लक्षणों और मूल कारणों—दोनों को सुलझाने पर ध्यान केंद्रित किया।”
उन्होंने आगे कहा कि, “हॉटस्पॉट मुद्दों को सुलझाने के चीनी तरीके के तहत हमने उत्तरी म्यांमार, ईरानी परमाणु मुद्दे, भारत–पाकिस्तान तनाव, फिलिस्तीन–इजरायल संघर्ष और कंबोडिया–थाईलैंड विवाद में मध्यस्थता की भूमिका निभाई।”
ट्रंप पहले ही ले चुके हैं श्रेय
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई मौकों पर सार्वजनिक रूप से यह कह चुके हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध उनकी वजह से रुका।
हालांकि, भारत सरकार लगातार इन दावों को सिरे से खारिज करती रही है, और स्पष्ट कर चुकी है कि भारत किसी भी अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता को स्वीकार नहीं करता।
ऑपरेशन सिंदूर पर चीन का शुरुआती रुख
गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर के पहले दिन चीन के विदेश मंत्रालय ने भारत के सैन्य अभियान को लेकर “अफसोस” जताया था। हालांकि, पहलगाम आतंकी हमले को लेकर चीन ने यह भी कहा था कि वह हर प्रकार के आतंकवाद का विरोध करता है और दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की थी।
भारत की स्थिति साफ
फिलहाल चीन के ताजा दावे पर भारत की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन भारत का रुख पहले की तरह स्पष्ट है—
👉 भारत–पाकिस्तान के बीच किसी भी समझौते या सीजफायर में किसी तीसरे देश की कोई भूमिका नहीं रही।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



