तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत रेल नगरी खड़गपुर समेत जंगल महल के विभिन्न भागों में शनिवार को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया गया। अखिल बंग प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन की ओर से विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मेदिनीपुर शहर के बार्ज टाउन स्थित जिला कार्यालय में आयोजित हुआ।
जिसमें 65 लोगों ने रक्तदान किया। जिनमें 6 शिक्षिकाएं भी शामिल थीं। इस रक्तदान शिविर का आयोजन दिवंगत शिक्षक नेता नेपाल घोष की स्मृति में और समाजवादी क्रांतिकारी चे ग्वेरा के जन्मदिन पर किया गया था। नेपाल घोष की मृत्यु कुछ साल पहले 14 जून को ही हुई थी।
इस शिविर का उद्घाटन एबीपीटीए के राज्य महासचिव ध्रुवशेखर मंडल ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में विश्व रक्तदाता दिवस के महत्व और नेपाल घोष की संगठनात्मक भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर माणिक लाल सेनगुप्ता, जिला सचिव संदीप घोष, जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत मैकाप, जगदीश माईती और सुदीप कुमार खाड़ा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। रक्त संग्रह मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज के ब्लड सेंटर की टीम ने किया।
एसोसिएशन के जिला सचिव संदीप घोष ने बताया कि वे पूरे जिले में प्राथमिक शिक्षकों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं।
इस रक्तदान शिविर के आयोजन से पश्चिम मेदिनीपुर जिले में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों की मदद करने का एक सकारात्मक संदेश गया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

