वर्क फ्रॉम होम कल्चर ने बढ़ाई मेट्रो की चिंता, 3 दिनों में 450 से भी कम लोगों ने की यात्रा

कोलकाता : बीते 14 सितंबर, से कोलकाता में मेट्रो सेवाओं को पूर्ण रूप से चालू कर दिया गया है। इसमें ईस्ट वेस्ट मेट्रो को भी शुरू किया गया है, लेकिन बीते 3 दिनों में यात्रियों की संख्या 450 से भी कम है। इस कारण ईस्ट वेस्ट मेट्रो की आमदनी ठीक से नहीं हो पा रही है। सोमवार को ईस्ट वेस्ट मेट्रो में 83 लोगों ने सफर किया था, जबकि मंगलवार को यह संख्या 99 थी और बुधवार को 234 लोगों ने यात्रा की।

मेट्रो रेलवे के अनुसार पहले जहां इन मेट्रो ट्रेनों के बीच में 20 मिनट का अंतराल होता था, अब उसे बढ़ाकर 30 मिनट का अंतराल कर दिया गया है। ईस्ट वेस्ट मेट्रो रूट के क्षेत्र के अधिकांश यात्री आईटी सेक्टर में काम करते हैं। आईटी सेक्टर में काम करने वाले लोग वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं। इस कारण भी यात्रियों की संख्या काफी कम है।

हालांकि सवाल अब यह उठता है कि ईस्ट वेस्ट मेट्रो में आखिरकार यात्रियों की संख्या इतनी कम कैसे हो गई। गत 14 फरवरी से ईस्ट वेस्ट मेट्रो की परिसेवाओं को साल्टलेक सेक्टर 5 से साल्टलेक स्टेडियम तक चालू किया गया था, लेकिन बीच में लॉकडाउन होने के कारण उसे बंद कर दिया गया। माना जा रहा है कि ईस्ट वेस्ट मेट्रो का प्रचार जिस प्रकार होना चाहिए वैसा नहीं हो पाया। वहीं मेट्रो में मात्र 6 स्टेशन है और यहां पर लोगों की संख्या काफी कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *