वाराणसी। ज्योतिर्विद रत्न वास्तु दैवज्ञ पंडित मनोज कृष्ण शास्त्री जी ने बताया कि इस वर्ष चैत्र नवरात्र के अंतर्गत तिथियों के विशेष संयोग के कारण पर्वों का आयोजन अत्यंत शुभ एवं विशेष फलदायी रहेगा। वैदिक गणना एवं पंचांग के अनुसार, गुरुवार, 26 मार्च को श्री दुर्गाष्टमी एवं श्री रामनवमी का पावन पर्व मनाया जाएगा।
भगवान श्रीराम का प्राकट्य चैत्र शुक्ल नवमी तिथि के मध्याह्न काल में हुआ था। अतः जब नवमी तिथि मध्याह्न व्यापिनी होती है, उसी दिन श्री रामनवमी का पर्व मनाना शास्त्र सम्मत माना गया है। इस वर्ष यह शुभ संयोग 26 मार्च, गुरुवार को प्राप्त हो रहा है, जिससे यह दिन विशेष रूप से पुण्यदायी रहेगा।
उन्होंने आगे बताया कि शुक्रवार, 27 मार्च को श्री दुर्गा नवमी (महानवमी) का पर्व श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस दिन मां दुर्गा के नवम स्वरूप की पूजा-अर्चना कर नवरात्र का विधिवत समापन किया जाएगा।
साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जो श्रद्धालु दुर्गा अष्टमी के दिन साख विसर्जन एवं कन्या पूजन करते हैं, वे यह अनुष्ठान 26 मार्च को संपन्न कर सकते हैं। वहीं जो भक्त दुर्गा नवमी (महानवमी) के दिन कन्या पूजन एवं साख विसर्जन करना उचित मानते हैं, वे 27 मार्च को विधि-विधान के साथ यह पूजन कर सकते हैं।
महानवमी के दिन कन्या पूजन, हवन एवं पूर्णाहुति का विशेष महत्व है, जिससे साधक को आध्यात्मिक उन्नति एवं सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
शास्त्री जी ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे इन पावन दिनों में नियम, संयम एवं श्रद्धा के साथ मां भगवती की उपासना करें, राम नाम का स्मरण करें तथा अपने जीवन में धर्म, सत्य एवं मर्यादा के आदर्शों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि नवरात्र आत्मशुद्धि, साधना और सकारात्मक ऊर्जा के संचार का सर्वोत्तम अवसर है।
अंत में उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सामाजिक सद्भाव, प्रेम एवं एकता को बनाए रखते हुए इन पर्वों को उल्लास एवं भक्ति भाव से मनाएं तथा राष्ट्र की उन्नति एवं विश्व कल्याण के लिए प्रार्थना करें।
ज्योतिर्विद रत्न वास्तु दैवज्ञ
पंडित मनोज कृष्ण शास्त्री
मो. 99938 74848

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

