खड़गपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला प्रशासन ने हाल के आदिवासी विकास कार्यों के आंकड़ों को प्रस्तुत करते हुए जिला शासक कार्यालय के सभागार में एक पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर पश्चिम मेदिनीपुर जिला परिषद की सभापति प्रतिभा रानी माईती, अतिरिक्त जिला शासक (सामान्य), जिले के खड़गपुर, घाटाल और मेदिनीपुर सदर अनुमंडल के अनुमंडलाधिकारी, विभिन्न आदिवासी विकास बोर्डों के सदस्य, समष्टि विकास अधिकारी, पंचायत समिति के अध्यक्ष और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
पश्चिम बंग सरकार के आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि विशेष रूप से गठित पश्चिम बंग लोधा-शबर विकास बोर्ड और भूमिज विकास बोर्ड आदिवासी समुदाय की विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुसार विकास योजनाएं लागू कर रहे हैं। बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भी कई पहल की गई हैं, जैसे कि ग्रामीण सड़क निर्माण, पेयजल स्रोत स्थापना, सामुदायिक हॉल, आईसीडीएस केंद्र, छात्रावास और स्वास्थ्य केंद्र निर्माण आदि इसमें शामिल है।
विभाग ने संस्कृति के संरक्षण के लिए भी विभिन्न तरीकों से काम किया है। उपस्थित सभी लोगों ने आदिवासी विकास परियोजनाओं के और अधिक प्रभावी कार्यान्वयन पर परिचर्चा में भाग लिया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



