तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का शानदार संगम उस समय देखने को मिला, जब बंगीय प्रादेशिक राष्ट्रीय क्रीड़ा एवं शक्ति संघ के तत्वावधान में विधान शिशु उद्यान में आयोजित राज्य स्तरीय योगासन, चित्रांकन एवं रवींद्र नृत्य प्रतियोगिताओं में पश्चिम मेदिनीपुर के खिलाड़ियों और कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
राज्य के 19 जिला संगठनों से लगभग चार हजार से अधिक छात्र-छात्राओं में से चयनित 525 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिनमें पश्चिम मेदिनीपुर का 24 सदस्यीय दल भी शामिल था।
योगासन प्रतियोगिता में जिले के 10 प्रतिभागियों ने पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। बालक ‘क’ वर्ग में दिशान दास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका ‘क’ वर्ग में अदिति चीनी तीसरे स्थान पर रहीं। बालक ‘ख’ वर्ग में सौरभ ओझा ने प्रथम तथा अंकन दत्त ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
बालिका ‘ख’ वर्ग में मंदिरा हुई द्वितीय और आराद्रिका गाएन छठे स्थान पर रहीं। बालिका ‘ग’ वर्ग में सायंतिका चौधरी ने तृतीय तथा अनुष्का मान्ना ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका ‘घ’ वर्ग में आसृता सिंह चौथे स्थान पर रहीं।
शंभूनाथ मल्लिक स्मृति अखिल बंग चित्रांकन प्रतियोगिता में भी जिले के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। ‘क’ वर्ग में दीप्तिश्री करण ने द्वितीय, आयुरी मंडल ने पंचम तथा तितास पहाड़ी ने षष्ठ स्थान प्राप्त किया। ‘ग’ वर्ग में सुकृति माल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
दिलीप हाजरा स्मृति अखिल बंग रवींद्र नृत्य प्रतियोगिता में ‘ग’ वर्ग की अंकिता राणा तथा ‘घ’ वर्ग की स्वस्तिका दालाल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिताओं का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा क्रीड़ा भारती के क्षेत्र संयोजक विभास मजूमदार उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वभारती विश्वविद्यालय के रवींद्र नृत्य विभाग की सेवानिवृत्त डीन डॉ. पुष्पिता बनर्जी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर योगासन समिति के अध्यक्ष स्वपन दास, राज्य सचिव तृप्ति प्रामाणिक, सह-सचिव मंदीरा मुखर्जी तथा योगासन समिति के संयोजक नयन शंकर भट्टाचार्य भी उपस्थित रहे।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले की ओर से आलोक कुमार पाल ने योगासन समिति के उपाध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई। टोटन राय ने राज्य स्तरीय निर्णायक (जज) की भूमिका निभाई, जबकि रूपम दास टीम मैनेजर के रूप में दल के साथ मौजूद रहे। प्रतियोगिता के संचालन और समन्वय में स्नेहेश शूर की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिले की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला अध्यक्ष सत्यव्रत दोलाई ने सभी विजेता प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पश्चिम मेदिनीपुर में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के निरंतर विकास का प्रमाण है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जिले के खिलाड़ी और कलाकार राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

