कोलकाता हिन्दी न्यूज | 13 जुलाई 2026: पिछले सप्ताह लगातार हुई बारिश से कोलकाता और आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई थी। अब मौसम विभाग ने एक बार फिर राज्य में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बंगाल की खाड़ी से लगातार बड़ी मात्रा में नमी आने और कई मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने के कारण पूरे सप्ताह उत्तर और दक्षिण बंगाल में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। सप्ताह के अंत तक बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है।
क्यों बिगड़ा मौसम?
भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तरी बांग्लादेश और उससे सटे क्षेत्रों में समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) सक्रिय है।
इसके अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार होते हुए असम के दक्षिणी हिस्से तक एक ट्रफ (अक्ष रेखा) फैली हुई है।
वहीं उत्तर-पूर्वी बिहार और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक और चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इन सभी मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से पश्चिम बंगाल में लगातार वर्षा की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
कोलकाता में कैसा रहेगा मौसम?
सोमवार को कोलकाता में भारी बारिश की संभावना है। मंगलवार तक रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। सोमवार को भी तापमान लगभग इसी स्तर पर रहने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल के किन जिलों में अलर्ट?
मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलग-अलग स्तर की चेतावनी जारी की है।
- मुर्शिदाबाद और पूर्व बर्धमान में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।
- कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, नदिया और बीरभूम में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
- दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
उत्तर बंगाल में भी बारिश का दौर
सोमवार को उत्तर बंगाल के लगभग सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।
दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मंगलवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश की कोई विशेष चेतावनी नहीं है, लेकिन शुक्रवार को कालिम्पोंग में फिर से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

