कोलकाता हिन्दी न्यूज | 15 जुलाई 2026: पश्चिम बंगाल में मानसून का असर अभी थमने वाला नहीं है। कोलकाता समेत पूरे दक्षिण बंगाल में लगातार बारिश का दौर जारी है। इस बीच अलीपुर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि रथ यात्रा के दिन राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव (Low Pressure) बनने के कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है।
नया निम्न दबाव बढ़ाएगा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, मानसूनी अक्ष रेखा इस समय गांगेय पश्चिम बंगाल के ऊपर सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर बंगाल से बंगाल की खाड़ी तक मानसूनी प्रणाली प्रभावी बनी हुई है।
बुधवार को उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बांग्लादेश के समीप एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है।
वहीं दक्षिण बांग्लादेश और उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद चक्रवाती परिसंचरण भी निम्न दबाव में बदल सकता है। इसके प्रभाव से पूरे सप्ताह बंगाल में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
रथ यात्रा के दिन भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने रथ यात्रा के दिन कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। आज उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कोलकाता सहित अन्य जिलों में भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक, रथ यात्रा के दिन दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में 200 मिमी तक वर्षा दर्ज की जा सकती है।
मछुआरों के लिए समुद्र में जाने पर रोक
निम्न दबाव के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने आज से शनिवार तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
कोलकाता का मौसम
बुधवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में सापेक्षिक आर्द्रता 69% से 98% के बीच बनी हुई है, जिससे उमस भी लोगों को परेशान कर रही है।
उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर बंगाल के लिए भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रविवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन पर्वतीय क्षेत्रों में 200 मिमी तक बारिश हो सकती है। हालांकि आज और कल उत्तर बंगाल में बारिश की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



