कोलकाता हिन्दी न्यूज | 07 अक्टूबर 2026: पश्चिम बंगाल में बकाया वाहन टैक्स वसूलने के लिए राज्य सरकार जल्द ही वेवर स्कीम लाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत बकाया टैक्स पर 40 फीसदी तक छूट देने का प्रस्ताव है।
बाकी 60 फीसदी राशि वाहन मालिकों को जमा करनी होगी। मंगलवार को निजी बस मालिकों के साथ बैठक के बाद राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने इसकी जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि टैक्स, परमिट और लाइसेंस फीस समेत करीब 1,700 करोड़ रुपये की राशि बकाया है।
बस मालिकों की ओर से लंबे समय से बकाया राशि में छूट देने की मांग की जा रही थी। परिवहन विभाग ने वित्त विभाग से 40 फीसदी रिबेट देने का अनुरोध किया है। वित्त विभाग से मंजूरी मिलने के बाद वाहन मालिकों को बकाया राशि का 60 फीसदी जमा करना होगा।
3.5 लाख से ज्यादा वाहनों पर टैक्स बकाया
राज्य में करीब साढ़े तीन लाख से अधिक वाहनों का टैक्स बकाया बताया जा रहा है। बकाया राशि 1,500 करोड़ रुपये से अधिक है। इसे वसूलने के लिए परिवहन विभाग ने पिछले महीने की शुरुआत से विशेष अभियान भी शुरू किया था।
हालांकि, अभियान के बावजूद वाहन मालिकों की ओर से बकाया टैक्स जमा करने को लेकर अपेक्षित उत्साह नहीं दिखा।
एक महीने से अधिक समय में करीब 100 करोड़ रुपये ही जमा हो सके हैं। कई वाहन मालिक वेवर स्कीम का इंतजार कर रहे थे। अब सरकार की ओर से ऐसी योजना लाने की तैयारी से उन्हें बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अवैध रूट बदलने वाली बसों पर होगी कार्रवाई
बैठक में निजी बसों के अवैध रूप से रूट बदलने का मुद्दा भी उठा। परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि कई बसें बिना अनुमति अपना रूट बदल देती हैं। बस मालिकों की ओर से इस संबंध में कई बार शिकायत की गई है। मंत्री ने पुलिस को ऐसे मामलों में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
बैठक में पुलिस के अधिकारी भी मौजूद थे। बसों पर जुर्माने और कार्रवाई से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
टोटो के कारण बस संचालन में परेशानी का मुद्दा
मंत्री ने यह भी कहा कि टोटो का दबदबा पहले की तुलना में काफी कम हुआ है और पुलिस ने इस मामले में सख्ती बढ़ाई है। हालांकि, उन्होंने माना कि टोटो के कारण कई इलाकों में निजी बसों के संचालन में परेशानी हो रही है।
वहीं, पूजा के दौरान निजी बसों की धरपकड़ का मुद्दा भी बस मालिकों ने बैठक में उठाया।
बस मालिकों ने बताया सकारात्मक कदम
सारा बंगाल बस-मिनीबस समन्वय समिति के महासचिव राहुल चट्टोपाध्याय ने बैठक को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि मंत्री ने वेवर स्कीम लाने की बात कही है और इससे वाहन मालिकों को राहत मिलेगी।
सिटी सबअर्बन बस एसोसिएशन के महासचिव टीटू साहा ने भी कहा कि बैठक में बस मालिकों ने अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

