कोलकाता हिन्दी न्यूज | 07 अक्टूबर 2026: डीएमएस, डीएचएमएस समेत डिप्लोमा धारक होम्योपैथी डॉक्टरों से जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने का अधिकार वापस लिए जाने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है।
मेडिकल सर्विस सेंटर ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल सरकार के हालिया गजट नोटिफिकेशन के बाद लंबे समय से यह अधिकार रखने वाले डिप्लोमा धारक होम्योपैथी और अन्य आयुष डॉक्टरों को इससे वंचित कर दिया गया है।
संगठन का दावा है कि इस फैसले के कारण घर पर होने वाली मौत के बाद परिवारों को मृत्यु प्रमाणपत्र हासिल करने में परेशानी हो रही है। यहां तक कि कुछ मामलों में अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने के बाद परिवारों को मृत्यु प्रमाणपत्र की प्रक्रिया पूरी करने के लिए वापस लौटना पड़ा।
9 जुलाई के गजट नोटिफिकेशन पर विवाद
मेडिकल सर्विस सेंटर के मुताबिक, 9 जुलाई को जारी गजट नोटिफिकेशन के जरिए डीएमएस, डीएचएमएस समेत विभिन्न होम्योपैथी डिप्लोमा धारक और अन्य आयुष डिप्लोमा धारक डॉक्टरों को जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने के अधिकार से वंचित किया गया।
संगठन के संयुक्त सचिव डॉ. झोटन दास का कहना है कि 1995 में लंबे आंदोलन के बाद डीएमएस, डीएचएमएस समेत डिप्लोमा धारक होम्योपैथी डॉक्टरों को सेकेंड शेड्यूल में शामिल किया गया था।
इसके बाद उन्हें जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की पात्रता मिली थी। उनका आरोप है कि हालिया गजट नोटिफिकेशन के जरिए वर्षों से हासिल यह अधिकार वापस ले लिया गया है।
संगठन ने इस फैसले को अन्यायपूर्ण, अनुचित और लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताया है।
स्वास्थ्य भवन में दिया डिपुटेशन
इस फैसले के विरोध में मेडिकल सर्विस सेंटर की ओर से हाल ही में स्वास्थ्य भवन में स्वास्थ्य निदेशक सह स्टेट डेथ-बर्थ रजिस्ट्रार और स्वास्थ्य सचिव को डिपुटेशन दिया गया।
संगठन के उपाध्यक्ष डॉ. सजल विश्वास ने बताया कि बुधवार को डिप्लोमा धारक होम्योपैथी डॉक्टर स्वास्थ्य भवन के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे।
‘राज्य में करीब 34 हजार डॉक्टर प्रभावित’
होम्योपैथी चिकित्सकों के अखिल भारतीय संगठन होमाई के महासचिव डॉ. श्यामल मुखोपाध्याय के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में डीएमएस और डीएचएमएस योग्यता वाले करीब 34 हजार होम्योपैथी डॉक्टर हैं।
उन्होंने दावा किया कि सरकारी आदेश के बाद इन डॉक्टरों में नाराजगी है और कई जगह डिप्लोमा धारक डॉक्टरों को लेकर गलत धारणा भी बन रही है।
उन्होंने मांग की कि संबंधित आदेश में तत्काल संशोधन किया जाए और डिप्लोमा धारक होम्योपैथी डॉक्टरों को पहले प्राप्त अधिकार बहाल किए जाएं।
संगठन का दावा है कि विरोध के बाद संबंधित अधिकारियों की ओर से दबाव के बीच इस मुद्दे पर आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने और डॉक्टरों के अर्जित अधिकार वापस दिलाने को लेकर आश्वासन दिया गया है।
हालांकि, अब डॉक्टरों की नजर इस बात पर है कि सरकार इस संबंध में औपचारिक रूप से क्या कदम उठाती है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

