तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 (23 और 29 अप्रैल) की घोषणा के साथ ही झाड़ग्राम में सियासी हलचल तेज हो गई है। आज लालगढ़ ब्लॉक के एस.आई. चौक क्षेत्र में आयोजित एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक में कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए जिले की सभी चार विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रसनजीत दे और उपाध्यक्ष भावेश महतो की मौजूदगी में पार्टी का चुनावी खाका तैयार किया गया। बैठक में बीनपुर-1 ब्लॉक अध्यक्ष मनसा राम सरदार, जिला छात्र परिषद अध्यक्ष अम्बरीश सिंह सहित ब्लॉक और क्षेत्रीय नेतृत्व के कई प्रमुख कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
गठबंधन की चर्चाओं को विराम देते हुए कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इस दौरान संगठन को और मजबूत बनाने, आम लोगों के बीच सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में नेताओं ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए जनता का विश्वास जीतना और आगामी चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करना है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन सुदृढ़ करने और आम जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार कांग्रेस का यह ‘एकला चलो’ रुख झाड़ग्राम जिले में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच संभावित सीधी टक्कर को त्रिकोणीय मुकाबले में बदल सकता है, जिससे चुनावी समीकरण दिलचस्प होने के आसार हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


