कोलकाता हिन्दी न्यूज | 26 जुलाई 2026: पश्चिम बंगाल सरकार ने शहर में अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि फुटपाथ पर गाड़ी या बाइक खड़ी करने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा और जुर्माना भी लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों और फुटपाथों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या पार्किंग अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रात में किया सरप्राइज निरीक्षण
मंत्री बनने के बाद से अग्निमित्रा पाल लगातार कोलकाता के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर रही हैं। शनिवार रात भी उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ नंदन से कैथेड्रल रोड तक का दौरा किया और सड़क व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान फुटपाथ और सड़क किनारे खड़े वाहनों के चालकों को चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के बाद मंत्री ने कहा, “फुटपाथ पर गाड़ी या बाइक खड़ी करने वालों के खिलाफ केस दर्ज होगा और जुर्माना भी लगाया जाएगा। कानून का उल्लंघन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
हॉकरों पर क्या बोले मंत्री?
हॉकरों के मुद्दे पर अग्निमित्रा पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश के अनुसार फिलहाल दुर्गा पूजा तक हॉकरों को राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पूजा के बाद स्थिति की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
‘मुखामुखी’ कार्यक्रम में पहुंचीं 40 शिकायतें
शनिवार सुबह नगर एवं शहरी विकास विभाग के ‘मुखामुखी’ कार्यक्रम में मंत्री ने आम लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान करीब 40 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश अवैध निर्माण से संबंधित थीं।
मंत्री ने बताया कि महेशतला, बारुईपुर और सोनारपुर सहित कई क्षेत्रों से अवैध निर्माण की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का कहना है कि शहर में अवैध पार्किंग, फुटपाथ अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि यातायात व्यवस्था और शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


