खड़गपुर। ईएफआर वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन की सलुवा शाखा की ओर से रविवार को एक सभा का आयोजन किया गया। सभा में संगठन से जुड़े सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान कई नए सदस्यों ने संगठन में अपना नाम लिखवाकर सदस्यता ग्रहण की।
बताया गया कि सलुवा शाखा के संगठन “भूतपूर्व ईएफआर वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन” की स्थापना 24 मई 2026 को हुई थी। स्थापना के बाद से संगठन के सदस्यों ने मिल-जुलकर समाजसेवा से जुड़े कई कार्य किए हैं। सभा में संगठन की गतिविधियों और भविष्य में किए जाने वाले सामाजिक कार्यों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सदस्यों के बीच एकता और आपसी सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “एकता ही हर मुश्किल की कुंजी है।” विश्वास को प्रगाढ़ और दृढ़ रखते हुए निःस्वार्थ भाव से एकजुट होकर कार्य करने से संगठन को आगे बढ़ाया जा सकता है।
सभा में संगठन की सेवा भावना को रेखांकित करते हुए कहा गया कि जिस प्रकार बूंद-बूंद से सागर और ईंट-ईंट से मजबूत इमारत तैयार होती है, उसी प्रकार एक-एक सदस्य के जुड़ने से संगठन मजबूत बनता है। सामूहिक रूप से उठाए गए कदम ही संगठन को सफलता की दिशा में आगे ले जाते हैं।
कार्यक्रम में संगठन के सदस्यों ने भविष्य में भी समाजसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त हवलदार गोपाल नेवार, ईएफआर प्रथम बटालियन, सलुवा, खड़गपुर, पश्चिम बंगाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

