संवाद सूत्र, खड़गपुर। लगातार निम्न दबाव के कारण हो रही बारिश से पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति गंभीर होती जा रही है। कई गांवों और निचले इलाकों में पानी भरने से आमन धान, पान और फूल की खेती के साथ-साथ कच्चे मकानों, सड़कों और तालाबों में मछली पालन को नुकसान पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से दोनों जिलों में भारी बारिश को लेकर लाल चेतावनी के बीच आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
मेदिनीपुर जिला बाढ़-भंगन प्रतिरोध कमेटी और घाटाल मास्टर प्लान रूपायन संघर्ष कमेटी के संयुक्त सचिव नारायण चंद्र नायक ने एक बयान में कहा कि पिछले कुछ दिनों की बारिश से पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया, सुताहाटा, पटाशपुर, कोलाघाट और पांशकुड़ा सहित विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर जलजमाव हुआ है। वहीं पश्चिम मेदिनीपुर के सबंग, पिंगला, नारायणगढ़, केशियाड़ी, घाटाल और चंद्रकोना के विस्तृत हिस्से भी जलमग्न हैं।
उन्होंने आशंका जताई कि पश्चिम मेदिनीपुर, बांकेड़ा और पुरुलिया जैसे जिलों में हुई बारिश का पानी शिलाबती, कंसावती, सुवर्णरेखा और केलेघाई जैसी नदियों के रास्ते नीचे की ओर आने पर घाटाल महकमा, पांशकुड़ा और पूर्व मेदिनीपुर के विभिन्न क्षेत्रों में जल दबाव और बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में बाढ़ का खतरा भी बढ़ने की आशंका है।
नायक ने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग द्वारा शिलाबती, कंसावती और रूपनारायण सहित सोयादिघी और देहाटी जैसी निकासी खालों के जीर्णोद्धार का काम ‘नो-कॉस्ट’ पद्धति पर निर्भर रहने के कारण नदी और खालों की नियमित सफाई एवं संस्कार का काम अपेक्षित रूप से आगे नहीं बढ़ सका। उनका कहना है कि इसका असर मौजूदा जल निकासी व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने प्रशासन और सिंचाई विभाग से मांग की कि जलजमाव वाले क्षेत्रों से तत्काल युद्धस्तर पर पानी निकाला जाए। नदी और खालों के तटबंधों के कमजोर हिस्सों की तत्काल मरम्मत की जाए तथा बरसात समाप्त होने के बाद बिना विलंब नदी और खालों की समुचित सफाई व संस्कार कराया जाए।
साथ ही जलजमाव और संभावित बाढ़ से प्रभावित लोगों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। नायक के अनुसार, समय रहते जल निकासी और तटबंधों की सुरक्षा पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो निचले इलाकों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

