मुंबई | 6 जनवरी 2026: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के शेष मुकाबलों के लिए श्रेयस अय्यर को मुंबई सीनियर पुरुष टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वह चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हुए शार्दुल ठाकुर की जगह टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने धिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की।
MCA ने अपने बयान में कहा, “हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि श्रेयस अय्यर को विजय हजारे ट्रॉफी के शेष लीग मैचों के लिए मुंबई सीनियर पुरुष टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।”

चोट के कारण बाहर हुए शार्दुल ठाकुर
अब तक ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर मुंबई की कप्तानी संभाल रहे थे, लेकिन काफ इंजरी के चलते उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। ऐसे में टीम प्रबंधन ने अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर पर भरोसा जताया है।
फिटनेस पर रहेगी नजर
गौरतलब है कि श्रेयस अय्यर अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान कैच लेने के प्रयास में स्प्लीन इंजरी का शिकार हो गए थे, जिसके बाद से वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर थे।
हालांकि, उन्हें 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है, बशर्ते वह फिट घोषित किए जाएं।
बीसीसीआई ने स्पष्ट किया था कि अय्यर की फिटनेस का मूल्यांकन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके फिट होने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
नॉकआउट मैचों में बदल सकती है कप्तानी
अगर श्रेयस अय्यर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए हरी झंडी मिलती है, तो एमसीए को विजय हजारे ट्रॉफी के नॉकआउट मुकाबलों के लिए किसी अन्य खिलाड़ी को कप्तान नियुक्त करना पड़ सकता है।
एमसीए सचिव उन्मेश खानविलकर ने कहा, “श्रेयस बाकी दो लीग मैचों में टीम की कप्तानी करेंगे। आगे की स्थिति साफ होने के बाद अगला फैसला लिया जाएगा।”
पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति में मुंबई
मुंबई ने अब तक खेले गए 5 में से 4 मुकाबले जीतकर ग्रुप सी की अंकतालिका में दूसरा स्थान हासिल कर रखा है। टीम अपने अगले दो लीग मैच 6 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और 8 जनवरी को पंजाब के खिलाफ खेलेगी। दोनों मुकाबले जयपुर में आयोजित होंगे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



