IIM Calcutta Rape Case: कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाके जोका में प्रतिष्ठित भारतीय प्रबंधन संस्थान-कलकत्ता (IIM-सी) के बॉयज हॉस्टल में एक लड़की के साथ यौन उत्पीड़न की घटना में नया मोड़ आ गया है।
शनिवार दोपहर को लड़की के पिता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी बेटी के साथ किसी ने कोई बुरा व्यवहार नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी के साथ बलात्कार नहीं हुआ है।
इससे पहले पीड़ित लड़की ने खुद हरिदेवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि शुक्रवार रात उसके साथ संस्थान में पढ़ने वाले एक युवक ने रेप किया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी छात्र को गिरफ्तार भी कर लिया है।

हालांकि लड़की के पिता के अलग बयान ने सबको चौंका दिया है और मामले को उलझा दिया है।
लड़की के पिता के इस बयान से कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर लड़की के साथ कुछ नहीं हुआ, तो उसने पुलिस में शिकायत क्यों दर्ज कराई?
इस सवाल का जवाब अभी तक नहीं मिल पाया है। लड़की के पिता ने बताया कि जब उन्होंने मीडिया से बात की, तब उनकी बेटी सो रही थी।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी पूरी रात सो नहीं पाई थी। उन्होंने यह भी कहा कि जब उनकी बेटी उठेगी, तो वह उससे बात करके पूरी बात जानेंगे।
लड़की के पिता ने मीडिया को बताया कि उन्हें शुक्रवार रात 9:34 बजे उनकी बेटी का फोन आया था। उनकी बेटी ने उन्हें बताया कि वह ऑटो से गिर गई है और उसे गंभीर चोटें आई हैं।
वह बेहोश भी हो गई थी। लड़की के पिता को पहले यह नहीं पता था कि उनकी बेटी कहां है? बाद में उन्हें पता चला कि वह एस.एस.के.एम. अस्पताल के न्यूरोलॉजी विभाग में है।
लड़की के पिता ने कहा कि बाद में मुझे पता चला कि हरिदेवपुर थाने की पुलिस उसे वहां ले गई है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी के साथ बलात्कार की कोई घटना नहीं हुई है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



