उत्तरपाड़ा – कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के बाद, आज त्रिपाठी परिवार की ओर से ‘छठी’ के अवसर पर माखला दलूईपाड़ा मे भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के बाद छठे दिन मनाई जाने वाली यह परंपरा विशेष महत्व रखती है। इस अवसर पर कान्हा के मन्दिर को फूलों और रोशनी से सजाया गया और पूरे दिन भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे।
भगवान श्री कृष्ण की छठी के उपलक्ष्य में विशेष पूजा-अर्चना की गई। पुजारियों ने वैदिक मंत्रों के साथ बाल-गोपाल का अभिषेक किया और उन्हें नए वस्त्र पहनाए। मुख्य यजमान के रूप में बेबी त्रिपाठी ने छप्पन भोग का प्रसाद भी चढ़ाया जिसे बाद में भक्तों के बीच वितरित किया गया।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण और श्री राधा के रूप में मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की। भजन गायिका जुगनू सिंह, विद्या सिंह, सुशीला शर्मा और उनके साथी कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। स्थानीय लोगों मे खासा उत्साह देखने को मिला।
जन्माष्टमी की छठी का यह पर्व एक बार फिर यह साबित करता है कि भगवान श्री कृष्ण के प्रति लोगों की आस्था कितनी गहरी है। यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह आपसी भाईचारे और सौहार्द को भी बढ़ावा देता है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

