तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। भ्रातृद्वितीया की संध्या पर पश्चिम मिदनापुर के केशियाड़ी में सामाजिक संस्था केशियाड़ी दर्पण की पहल पर रजनीकांत मेमोरियल प्राथमिक विद्यालय में एक विशेष जन-भाईदूज समारोह आयोजित किया गया।
इस अनोखी पहल के तहत समाज के उपेक्षित और जरूरतमंद लोगों; जिनमें विशेष रूप से सक्षम व्यक्ति, असहाय, अनाथालय में पले-बढ़े बच्चे और वे पुरुष जिनकी कोई बहन नहीं है; को आमंत्रित किया गया। संस्था की महिला सदस्यों ने इन सभी के माथे पर चंदन का फोटा लगाकर भाईदूज का स्नेहपूर्ण अनुष्ठान पूरा किया।
साथ ही, संस्था की ओर से नए वस्त्र और मिष्ठान के पैकेट भेंट किए गए। उपस्थित अतिथियों, सदस्यों और जनसमुदाय को भी फोटा लगाया गया। कार्यक्रम का स्वागत केशियाड़ी दर्पण के अध्यक्ष प्रदीप शासमल ने किया, जबकि अध्यक्षता प्रसिद्ध समाजसेवी सुदीप कुमार खाड़ा ने की।

इस अवसर पर विधायक परेश मुर्मू, वरिष्ठ समाजसेवी सर्वेश्वर महापात्र, सांस्कृतिक कार्यकर्ता प्रदीप कुमार माइती, चित्रकार नरसिंह दास, शिक्षारत्न सुब्रत महापात्र, शिक्षक देवाशीष सूर, तथा कई अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने इस मानवतावादी पहल की सराहना की और आयोजन की सफलता के लिए संस्था को शुभकामनाएँ दीं।
संस्था के सचिव तापस साहू, उपाध्यक्ष चंदन दास और कोषाध्यक्ष यीसु सिंह सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। इस अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका संचालन प्रसिद्ध सांस्कृतिक व्यक्तित्व ब्रजकिशोर पॉयड़ा ने किया।
समाज में विशेष योगदान देने वाले कई व्यक्तियों को केशियाड़ी दर्पण की ओर से सम्मानित भी किया गया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि केशियाड़ी दर्पण वर्ष भर समाजसेवा से जुड़ी अनेक जनहितकारी गतिविधियाँ संचालित करता है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



