कोलकाता हिन्दी न्यूज | 23 सितम्बर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर उलबेड़िया में आयोजित एक पार्टी सभा में वाम नेत्री मीनाक्षी मुखर्जी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि उन्हें पता नहीं था कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के बाद सभी को पैसे दिए जाएंगे।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा,
“आप लोगों ने कहा था कि पैसा देंगे और अब कह रहे हैं कि सब दे दिया। विश्वास कीजिए, मुझे नहीं पता था कि पार्टी की नेत्रियों ने कहा है कि मोदी के जन्मदिन के बाद सभी को पैसा मिलेगा। अगर ऐसा है तो क्या मोदी के जन्मदिन का ठीक पता नहीं है, इसलिए पैसा नहीं दिया जा रहा? वरना इतनी सारी झूठी बातें कैसे कही जा सकती हैं?”
अन्नपूर्णा भंडार पर सवाल
अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ नहीं मिलने को लेकर भी मीनाक्षी मुखर्जी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा भंडार का लाभ पाने के लिए सही नियम क्या है, सरकार को इसे स्पष्ट करना चाहिए।
लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि उन्हें अन्नपूर्णा भत्ता क्यों नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी इच्छा के अनुसार लोगों को अन्नपूर्णा भत्ते का पैसा दे रही है, जिसके कारण कई लोग इससे वंचित रह जा रहे हैं।
मीनाक्षी मुखर्जी ने रोजगार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, “हमने अन्नपूर्णा भंडार का विरोध नहीं किया। हमने यह भी कहा कि नौकरी दो। नौकरी नहीं दे पाने के कारण ही भत्ता देना पड़ रहा है।”
वोटर लिस्ट और ट्रिब्यूनल की मांग
वोटर लिस्ट से 27 लाख से अधिक लोगों के नाम हटाए जाने के मुद्दे पर भी मीनाक्षी मुखर्जी ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हटाए गए नामों को दोबारा शामिल कराने के लिए ट्रिब्यूनल बनाया जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि यह ट्रिब्यूनल केवल एक जगह नहीं, बल्कि पंचायत स्तर पर बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर ट्रिब्यूनल एक ही स्थान पर होगा तो लाखों लोगों की भीड़ जमा होगी और लोगों को वहां पहुंचने में परेशानी होगी। इसलिए पंचायत स्तर पर ट्रिब्यूनल बनाए जाने चाहिए।
मीनाक्षी मुखर्जी ने यह भी मांग की कि मतदाता सूची से किसी का नाम हटाए जाने पर उसका कारण लिखित रूप में बताया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वोटर कार्ड में नाम या उम्र में गलती होने के लिए आम लोगों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। मतदाता सूची तैयार करने का काम चुनाव आयोग के कर्मचारियों ने किया है, इसलिए इसकी जिम्मेदारी भी चुनाव आयोग की है।
कथित साजिश का आरोप
इस मामले में उन्होंने एक कथित “भयंकर साजिश” का आरोप भी लगाया। मीनाक्षी मुखर्जी ने कहा कि पहले वोटर लिस्ट से नाम काटे जाएंगे और इसके बाद कई अन्य सरकारी सूचियों से भी लोगों के नाम हटाए जा सकते हैं।
इसके बाद “हॉर्डिंग सेंटर” बनाए जाने की बात कहकर लोगों को वहां से बाहर निकालने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने इसे लेकर आशंका जताई कि एक बड़ी साजिश की जा रही है।
दस्तावेज जमा करने को उमड़ी भीड़
सभा में पहुंचे उन लोगों से, जिन्हें अन्नपूर्णा भंडार का लाभ नहीं मिला है, आधार कार्ड, वोटर कार्ड समेत विभिन्न दस्तावेज जमा करने को कहा गया।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोगों से कागजात एकत्र किए। दस्तावेज जमा करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की लंबी कतार लग गई।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


