खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित रश्मि मेटालिक्स में कार्यरत दो ठेका श्रमिकों की मिट्टी में दबकर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित श्रमिकों ने दोनों श्रमिकों के शव को कारखाने के मुख्य प्रवेश द्वार के समक्ष रखकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इधर घटना संज्ञान में आने के बाद कारखाना प्रबंधन की ओर से पीड़ित परिवार व आक्रोशित श्रमिकों के साथ वार्ता के माध्यम से मामले को सुलझाने का प्रयास शुरू कर दिया है। आक्रोशित श्रमिकों के मुताबिक रश्मि कारखाने में एक बहुमंजिला भवन निर्माण के लिए इन दिनों मिट्टी खुदाई का कार्य चल रहा है।
शनिवार की सुबह पूर्व मेदिनीपुर जिला निवासी राहलु मिद्या व पश्चिम मेदिनीपुर जिले के गोदापियाशाल इलाका निवासी तापस जाना भी अन्य श्रमिकों के साथ 20 फीट गहरे गड्डे में मिट्टी खुदाई व शटरिंग के कार्य में लगा था। इधर विगत दिनों हुई बारिश के चलते गड्ढे में मिट्टी धंस गई। मलबे में दब जाने से राहुल मिद्या व तापस जाना की मौत हो गई।

सुबह करीब सात बजे हुई इस घटना की सूचना कारखाना प्रबंधन को देने के बावजूद करीब 11 बजे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए स्टेचर भेजा। दूसरी ओर घटना से आक्रोशित श्रमिकों ने कारखाना प्रबंधन की लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को रख कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



