महिला से छेड़खानी के आरोप में एक पुलिसकर्मी समेत दो लोग गिरफ्तार

कोलकाता। महानगर के करुणामयी इलाके में एक महिला से छेड़खानी के आरोप में एक सहायक उप निरीक्षक और एक नागरिक रक्षा स्वयंसेवी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला गुरुवार की मध्यरात्रि के करीब आसनसोल से एक बस में सवार होकर आई थी और उसने आरोपियों से मदद मांगी थी।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों ने अपनी मोटरसाइकिल में महिला को लिफ्ट देने की पेशकश की और कथित तौर पर उसके साथ छेड़खानी की। उन्होंने बताया कि दोनों को निलंबित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार तड़के आरोपियों द्वारा उल्टाडांगा मोड़ पर उतारी गई महिला ने कस्बा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने कहा कि अभी जांच जारी है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि राज्य में महिलाओं के लिए कोई सुरक्षा नहीं है।

मजूमदार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह घटना दर्शाती है कि शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए वादे कितने खोखले हैं। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह घटना राज्य में समग्र कानून व्यवस्था की स्थिति को नहीं दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *