कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कल्याणी शहर में लगातार हो रही लूटपाट की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। राणाघाट पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ धापोला ने बताया कि कल्याणी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।
ये आरोपी राहगीरों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, अपराध निरोधक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कल्याणी बुद्ध पार्क इलाके में छापेमारी की और इन दोनों को दबोच लिया। इनके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, भारी मात्रा में मिर्च पाउडर, एक सोने का हार और अन्य सामान बरामद किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में कल्याणी और आसपास के इलाकों में ऐसी कई घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें आरोपी राहगीरों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर उनकी जेबें साफ कर देते थे या गहने व मोबाइल लूट लेते थे।

इस गिरोह के पकड़े जाने से पुलिस ने राहत की सांस ली है।
- लंबे समय से थी तलाश
एएसपी सिद्धार्थ धापोला के मुताबिक, पुलिस को इन लुटेरों की लंबे समय से तलाश थी। लगातार बढ़ती वारदातों से इलाके के लोग दहशत में थे। गश्त बढ़ाने और निगरानी के बावजूद बदमाश अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर थे, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सही समय पर कार्रवाई करते हुए इन्हें धर दबोचा।
- आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि इनके गिरोह में और कौन-कौन शामिल है तथा इन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। बरामद बाइक की भी जांच की जा रही है कि क्या वह चोरी की है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना नजदीकी थाने में देने की अपील की है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



