तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। सोशल स्पोर्ट्स फाउंडेशन की पहल और फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसाइटीज ऑफ इंडिया के सहयोग से पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर स्थित फिल्म सोसाइटी द्वारा आयोजित मेदिनापुर फिल्म सोसाइटी के चारुलता थिएटर में दो दिनों तक ‘भारतीय अंतर्राष्ट्रीय खेल फिल्म महोत्सव-मेदिनापुर-2025’ का भव्य आयोजन किया गया।
दो दिनों में 5 देशों और 7 भाषाओं की दस पुरस्कार विजेता खेल फिल्में प्रदर्शित की गईं। फिल्में देखने के लिए दर्शकों का उत्साह चरम पर था। महोत्सव का उद्घाटन पूर्व दिग्गज खिलाड़ी अमिय भट्टाचार्य ने किया। इस अवसर पर सोशल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष रंगन मजूमदार, फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसाइटीज ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त फिल्म समीक्षक प्रेमेन्द्र मजूमदार और फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसाइटीज ऑफ इंडिया के सचिव शंकर पाल उपस्थित थे।
इसके अलावा पश्चिम मिदनापुर जिला खेल संघ, जिला स्कूल खेल संघ, खेल विकास अकादमी, स्पोर्ट्समैन रिक्रिएशन क्लब, मिदनापुर स्पोर्टिंग क्लब सहित कई खेल संगठन के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। जिनमें फिल्म सोसाइटी के सलाहकार चंदन बसु, मदन मोहन माइती, बजरंगलाल अग्रवाल, आशीष सामंत, शक्ति मित्र, सुब्रत पान, तारापद पाल, उत्तम दास, सिद्धार्थ घोष और कई अन्य प्रतिभाशाली खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के आरंभ में फिल्म सोसाइटी के सचिव सत्यज्योति अधिकारी ने स्वागत भाषण देते हुए खेलों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया। फिल्म सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष सिद्धार्थ सांतरा ने इस आयोजन में भाग लेने वाले सभी खेल संगठनों, स्कूलों, कॉलेजों, क्लबों, तैराकी क्लबों और उपस्थित सभी दर्शकों तथा सोशल स्पोर्ट्स फाउंडेशन (एफएफएसआई) का आभार व्यक्त किया।
कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में ऐसी और फिल्में दिखाए जाने की संभावना के बारे में बताया। पूरे दो दिवसीय कार्यक्रम का संचालन फिल्म सोसाइटी की सदस्य और लेखिका अनामिका तिवारी ने सुचारू रूप से किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



