कोलकाता | 5 फरवरी 2026: काठमांडू से इस्तांबुल जा रही टर्किश एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को बुधवार को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतारना पड़ा।
विमान के दाएं इंजन में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
इस विमान में कुल 236 लोग सवार थे, जिनमें 225 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य शामिल थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं।

टेक-ऑफ के चार मिनट बाद आई तकनीकी खराबी
जानकारी के अनुसार, टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट THY-727 ने नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (TIA) से इस्तांबुल के लिए उड़ान भरी थी। टेक-ऑफ के चार मिनट के भीतर ही चालक दल को विमान के दाएं इंजन में तकनीकी खराबी और आग की आशंका का पता चला।
चालक दल के पास काठमांडू लौटने या भैरहवा एयरपोर्ट पर उतरने का विकल्प था, लेकिन विमान की स्थिति को देखते हुए उसे लंबी दूरी की उड़ान के लिए असुरक्षित माना गया। इसके बाद कोलकाता को सुरक्षित विकल्प मानते हुए विमान को डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया।
AAI का बयान: पैन-पैन घोषित कर मांगी गई लैंडिंग की अनुमति
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अनुसार, काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे इस वाइडबॉडी विमान को टेक-ऑफ के तुरंत बाद इंजन में खराबी का पता चलने पर कोलकाता की ओर मोड़ा गया।
AAI के जॉइंट जनरल मैनेजर (एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट) ने बयान जारी कर बताया कि विमान ने 13:38 बजे पैन-पैन (Pan-Pan) घोषित किया और कोलकाता में लैंडिंग की अनुमति मांगी।
करीब 13:51 बजे चालक दल ने आग पर काबू पाने की सूचना दी, हालांकि एक इंजन फेल होने की स्थिति में विमान को कोलकाता लाया गया।
सुरक्षित लैंडिंग, तकनीकी जांच जारी
विमान ने कोलकाता एयरपोर्ट पर सफल और सुरक्षित लैंडिंग की, जिसके बाद सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल विमान को तकनीकी जांच के लिए एयरपोर्ट पर खड़ा किया गया है।
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद कुछ देर के लिए एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि हालात जल्द ही नियंत्रण में आ गए। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की उड़ान को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



