हावड़ा। तृणमूल कांग्रेस की 21 जुलाई को होने वाली वार्षिक “शहीद रैली” के लिए हावड़ा स्टेशन पर रविवार सुबह से ही भारी संख्या में पार्टी समर्थकों का जमावड़ा देखने को मिला। राज्य के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ता सुबह से ही ट्रेन, बस और अन्य माध्यमों से हावड़ा पहुंच रहे हैं, जहाँ से वे पैदल मार्च या लॉन्च सेवा के ज़रिए कोलकाता की ओर रवाना हो रहे हैं।
हावड़ा स्टेशन पर सुबह से ही तृणमूल कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। झंडों, बैनरों और नारेबाज़ी के साथ समर्थक उत्साह से भरे नज़र आए। जैसे-जैसे उपनगरीय क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं का आना शुरू हुआ, वैसे-वैसे हावड़ा स्टेशन से कोलकाता की ओर बढ़ने वाला जुलूस आकार लेता गया।
कार्यकर्ता खासतौर पर इस बात को लेकर उत्साहित हैं कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बार रैली के मंच से 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के लिए क्या दिशा तय करेंगी। ममता बनर्जी के संभावित “बड़े संदेश” को सुनने की चाह में हजारों कार्यकर्ता रात से ही हावड़ा में डटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, जो समर्थक शनिवार रात से हावड़ा में मौजूद हैं, वे रविवार सुबह 10 बजे एक विशाल जुलूस की शक्ल में कोलकाता के लिए कूच कर गए। स्थानीय नेतृत्व ने इस जुलूस को व्यवस्थित ढंग से रवाना किया, ताकि कोलकाता में रैली स्थल पर समय पर पहुंचा जा सके।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बार शहीद रैली में ममता बनर्जी कई महत्वपूर्ण राजनीतिक घोषणाएं कर सकती हैं, जिनका असर आगामी चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

