कोलकाता/दक्षिण 24 परगना। तृणमूल कांग्रेस के एक युवा नेता को कथित अवैध संबंधों के कारण स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पकड़कर बुरी तरह पीटे जाने का मामला सामने आया है। घटना दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर-1 ब्लॉक के चलतबेरिया इलाके की है, जहां टीएमसी नेता महेश हलधर को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया और फिर बिजली के खंभे से बांधकर उसकी पिटाई की।
घटना शहीद दिवस कार्यक्रम के बाद की बताई जा रही है। आरोप है कि महेश हलधर का पड़ोसी बामुनगाछी गांव की एक महिला से अवैध संबंध था, जिसकी भनक स्थानीय लोगों को लग गई।
जब वह महिला के साथ संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया, तो गुस्साए ग्रामीणों ने पहले उसे पकड़कर बांधा और फिर जमकर पीटा।
महेश हलधर पहले भी विवादों में रह चुका है। करीब पांच साल पहले उस पर एक महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगा था, जिसके चलते उसे नागरिक स्वयंसेवक के पद से बर्खास्त कर दिया गया था। मामला अभी अदालत में लंबित है।
इतना ही नहीं, पिछले पंचायत चुनावों में भी उस पर गंभीर आरोप लगे थे। ग्रामीणों का दावा है कि उसने विपक्षी उम्मीदवारों को बूथ से खदेड़कर जबरन वोटिंग कराई और पंचायत चुनाव में सत्ता हथियाई। उसका राजनीतिक रसूख इसी घटना के बाद तेजी से बढ़ा था।
महेश हलधर की पत्नी फिलहाल चलतबेरिया ग्राम पंचायत की सदस्य हैं, जिससे उसके परिवार का पंचायत पर प्रभाव स्पष्ट झलकता है।
फिलहाल इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन ग्रामीणों में इस नेता के खिलाफ गुस्सा साफ नजर आ रहा है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस ने अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है। यह घटना तृणमूल कांग्रेस की स्थानीय राजनीति में नैतिकता और सत्ता के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।
