तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम बंगाल विज्ञान मंच की पश्चिम मेदिनीपुर जिला शाखा तथा मेदिनीपुर शहर विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में निर्मल हृदय आश्रम (चर्च) हाईस्कूल में जिला स्तरीय महिला विज्ञानकर्मी प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ।
इसमें 18 विज्ञान केंद्रों व केंद्रीय विज्ञान सभा की 54 महिला प्रतिनिधियों सहित राज्य नेतृत्व के 2 सदस्य, 3 अतिथि, 16 विज्ञान केंद्र नेता, 3 जिला प्रशिक्षक, 10 जिला नेता और 10 स्वयंसेवकों समेत कुल 98 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
शिविर का शुभारंभ पदयात्रा से हुआ तथा उद्घाटन राज्य नेतृत्व की अध्यापिका मैत्री बसु ने किया। मेदिनीपुर लॉ कॉलेज की टीचर-इन-चार्ज पियाली दत्त ने महिला सुरक्षा एवं कानूनी जागरूकता, जबकि मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज के डॉ. दुर्गापद दोलाई ने महिलाओं में कैंसर के कारण, लक्षण और बचाव पर व्याख्यान दिया।
राज्य व जिला प्रशिक्षकों ने फिनाइल, हैंडवॉश, जैविक साबुन, विभिन्न पौष्टिक खाद्य सामग्री और हेल्थ ड्रिंक बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। जिला प्रशिक्षिका ऋतुपर्णा सामंत ने योग व प्राणायाम कराया।
खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान और बाल विवाह से लड़कियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। साबुन निर्माण का सत्र सबसे लोकप्रिय रहा और तैयार साबुन कुछ ही मिनटों में बिक गए।
शिविर का संचालन महिला विज्ञानकर्मी उपसमिति की संयोजक सुषमा प्रधान, दीपाली राणा तथा जिला अध्यक्ष सुजाता माइती चौधुरी ने किया। प्रतिभागियों ने फोन कर ऐसे तथ्यपरक और समयानुकूल प्रशिक्षण शिविर नियमित आयोजित करने की मांग करते हुए जिला नेतृत्व का आभार जताया।
जिला सचिव सुधापद बसु ने सफल आयोजन के लिए निर्मल हृदय आश्रम हाईस्कूल के फादर, शिक्षकों, प्रबंधन समिति, मेदिनीपुर शहर विज्ञान केंद्र के नेतृत्व तथा सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में यह शिविर भविष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

