संवाद सूत्र, खड़गपुर। (पश्चिम मेदिनीपुर), दीघा घूमने निकले यात्रियों की बुधवार की सुबह उस समय परेशानी में बदल गई, जब 12857 अप एक्सप्रेस दीघा स्टेशन से महज करीब 500 मीटर पहले टिकरा स्टेशन के निकट अचानक रुक गई। पावर की समस्या के चलते ट्रेन करीब 10:30 बजे से खड़ी रही। काफी इंतजार के बाद भी जब ट्रेन आगे नहीं बढ़ी तो यात्रियों का धैर्य जवाब देने लगा।
रेलवे की ओर से बाद में दूसरे इंजन की व्यवस्था की गई। इसके सहारे ट्रेन को दीघा स्टेशन तक पहुंचाया गया। करीब दोपहर 12:55 बजे ट्रेन दीघा स्टेशन पहुंची। यानी यात्रियों को करीब ढाई घंटे तक ट्रेन के भीतर ही परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस बीच कुछ यात्रियों ने ट्रेन के चलने का इंतजार करने के बजाय अपने सामान के साथ पैदल ही दीघा की ओर बढ़ना शुरू कर दिया। किसी के कंधे पर बैग था तो कोई सिर पर सामान उठाए हुए था। भारी लगेज के साथ पैदल जाते यात्रियों के बीच कुछ ने टोटो का सहारा लेकर स्टेशन तक पहुंचने की कोशिश की।
ट्रेन के इस व्यवधान का असर दीघा रूट की दूसरी ट्रेनों पर भी पड़ा। डाउन ताम्रलिप्त एक्सप्रेस और अप-डाउन कांडारी एक्सप्रेस के परिचालन पर भी असर पड़ने की संभावना रही। इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
इधर, मेचेदा से दीघा जाने वाली अप लोकल भी व्यवधान की चपेट में आ गई। ट्रेन के दीघा में प्रवेश नहीं कर पाने के कारण उसके परिचालन में करीब तीन घंटे की देरी हुई।
लंबे समय तक ट्रेन में फंसे यात्रियों में व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी दिखी। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और भारी सामान के साथ सफर कर रहे यात्रियों के लिए स्थिति अधिक कठिन रही। कई यात्रियों ने कहा कि ट्रेन की देरी अलग बात है, लेकिन गंतव्य से कुछ ही दूरी पहले इस तरह फंस जाना और फिर सामान लेकर पैदल निकलने की नौबत बेहद परेशान करने वाली रही।
रेल परिचालन में आए इस व्यवधान के कारण बुधवार को दीघा रूट पर यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से किसी अतिरिक्त वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी सामने नहीं आई थी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

