कोलकाता | 27 मार्च 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने भाजपा के दावों पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि भाजपा चाहे जितना भी दावा कर ले, 2026 में उसे सिर्फ 26 सीटों पर संतोष करना पड़ेगा।
घोष ने कहा, “भाजपा इस बार भी सरकार बनाने का सपना देख रही है, लेकिन सारे दावे झूठे साबित होंगे। ममता बनर्जी भारी बहुमत के साथ एक बार फिर बंगाल की मुख्यमंत्री बनेंगी।”
2021 का हवाला देकर किया कटाक्ष
कुणाल घोष ने याद दिलाया कि 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने “अबकी बार 200 पार” का नारा दिया था, लेकिन उसे सिर्फ 77 सीटें मिली थीं।
उन्होंने कहा, “उस वक्त भी भाजपा ने दावा किया था कि 200 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएंगे। नतीजा सबके सामने है। अब फिर वही दावा कर रहे हैं।”
ईवीएम और SIR पर आरोप
तृणमूल प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची (SIR) से हटा रही है और ईवीएम में धांधली की कोशिश कर रही है।
उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “भाजपा जितनी भी कोशिश कर ले, बंगाल की जनता उन्हें करारी हार देगी। जनता का वोट टीएमसी को ही मिलेगा।”
बी-टीम को भी नहीं मिलेगी सीट
कुणाल घोष ने भाजपा की कथित ‘बी-टीम’ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी उम्मीदवारों को एक भी सीट पर जीत नहीं मिलेगी।
उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता भाजपा के खिलाफ वोट करेगी और तृणमूल कांग्रेस भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।
चुनावी माहौल गरमाया
यह बयान ऐसे समय में आया है जब सभी प्रमुख दल 2026 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं।
तृणमूल कांग्रेस के इस आक्रामक रुख से साफ है कि पार्टी अपने कोर वोट बैंक को मजबूत रखते हुए विपक्षी दलों पर लगातार हमला बोल रही है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


