Images 2022 07 31T133159.994

नोटों भरी कार संग पकड़े गए तीन कांग्रेसी विधायक, बंगाल पुलिस कर रही पूछताछ

हावड़ा। पश्चिम बंगाल (West Bengal) के हावड़ा में शनिवार को झारखंड के कांग्रेस पार्टी के तीन विधायकों की गाड़ी से भारी मात्रा में कैश मिलने की खबर से हड़कंप मच गया है। पश्चिम बंगाल पुलिस (West Bengal Police) ने बताया कि करीब 48 लाख रुपये बरामद किए हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस (West Bengal Police) ने खुफिया सूचना मिलने के बाद चेकिंग के लिए गाड़ी रोकी थी। कैश की गिनती के लिए काउंटिंग मशीन भी मंगाई गई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, खिजरी के विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा के विधायक नमन बिक्सल कोंगारी ने पूछताछ में बताया है कि ये पैसे साड़ी खरीदने के लिए थे। विधायकों ने पूछताछ में बताया है कि यह साड़ियां नौ अगस्त को आदिवासी दिवस के दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बांटी जानी थीं। तीनों विधायक साड़ियां खरीदने के लिए ही कोलकाता आए थे। शनिवार को तीनों विधायक कोलकाता से मंदारमणि जा रहे थे। रविवार को वापस कोलकाता आकर बड़बाजार से साड़ी खरीदने की योजना थी।

हालांकि पुलिस यह समझ नहीं पा रही है कि विधायकों ने साड़ी शनिवार को ही क्यों नहीं खरीदी। वह शनिवार को ही साड़ी खरीदकर मंदारमणि होते हुए वापस झारखंड जा सकते थे। जिस गाड़ी से पैसे बरामद हुए उस पर विधायक का बोर्ड लगा था। गाड़ी का नंबर JH09AQ0016 है। पैसे गाड़ी की पिछली सीट पर रखे गए थे। विधायकों को पांचला थाना ले जाया गया है, जहां एक कमरे में विधायकों से पूछताछ की गई है।

विधायकों की मेडिकल जांच के लिए डॉक्टरों की एक टीम भी पांचला थाना पहुंची। एक कमरे में पैसों की गिनती की गई। पुलिस को तीनों विधायक पैसों का स्रोत नहीं बता पाए। पुलिस कई कोणों से मामले की जांच कर रही है। पुलिस पिछले करीब छह घंटों से तीनों विधायकों से पूछताछ कर रही है। वहीं मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा में वाकयुद्ध शुरू हो गया है।

हावड़ा (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमारे पास विशिष्ट इनपुट था कि एक कार में बड़ी मात्रा में धन ले जाया जा रहा था। हमने वाहनों की जांच शुरू कर दी और इस कार को रोका, जिसमें तीन विधायक यात्रा कर रहे थे। वाहन में भारी मात्रा में नकदी मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

13 − 2 =