कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कई जिलों में गुरुवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच निचले इलाकों से लोगों को हटाना शुरू कर दिया है और तटीय जिलों में आपदा प्रबंधन कर्मियों को तैनात किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
इसके प्रभाव से गुरुवार को दक्षिणी पश्चिम बंगाल के अधिकांश स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी बर्धमान, पूर्वी मिदनापुर, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, हावड़ा, हुगली, नादिया और मुर्शिदाबाद जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनजर इन जिलों के सभी अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। पूर्व मेदिनीपुर जिले के शंकरपुर, दीघा और ताजपुर और दक्षिण 24 परगना जिले के नामखाना, गंगासागर, पाथर प्रतिमा और काकद्वीप में आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।

- लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया
एक अधिकारी ने कहा कि हमने तटीय क्षेत्रों में सभी तरह के उपाय किए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को स्कूलों और होटलों में आश्रय स्थलों पर पहुंचाया गया है। एहतियाती उपाय के तौर पर इन जगहों पर पर्याप्त संख्या में तिरपाल, सांप के काटने की दवाइयां और सूखा खाना भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन लाउडस्पीकर पर घोषणाएं भी कर रहा है, जिसमें इन इलाकों के लोगों से अगले तीन दिनों तक सतर्क रहने को कहा गया है।
- कंट्रोल रूप बनाए गए
उन्होंने कहा कि मछुआरों को समुद्र में न जाने को कहा गया है और पर्यटकों को भी समुद्र तटों से दूर रहने का निर्देश दिया गया है। सुंदरबन पुलिस जिले के एक अधिकारी ने कहा कि उप-मंडल कार्यालय के अलावा सुंदरबन के सभी 13 ब्लॉकों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग को भी सतर्क कर दिया गया है और इस अवधि के दौरान तटबंधों को बनाए रखने के लिए उपाय करने को कहा गया है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



