तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर में निरंतर नाट्य चेतना को आगे बढ़ाने और इसे संगठित रूप में लागू करने के उद्देश्य से मेदिनीपुर थिएटर फोरम का गठन किया गया है।
मेदिनीपुर शहर के मीरबाजार स्थित लॉज में स्थित तरुण थिएटर के कार्यालय में आयोजित एक बैठक में मेदिनीपुर के 18 नाट्य दलों के प्रतिनिधियों और अन्य प्रमुख नाट्य व्यक्तित्वों ने इस निर्णय को लिया।
अपने संबोधन में पदाधिकारियों ने कहा कि जनवरी से हर महीने के तीसरे रविवार को मेदिनीपुर कॉलेज के विवेकानंद ऑडिटोरियम में दो नाटकों का मंचन किया जाएगा।
पूरे साल विभिन्न नाट्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जैसे कि नाट्य कार्यशालाएँ, नाट्य समारोह और सड़क नाटक दिवस का आयोजन।
उन्होंने कहा कि मेदिनीपुर थिएटर फोरम में 39 सदस्य हैं, जिनमें मेदिनीपुर के सभी नाट्य दलों के प्रतिनिधि शामिल हैं। इसके अलावा, एक सलाहकार समिति का भी गठन किया गया है।
पदाधिकारियों के चयन में मेदिनीपुर कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर सत्यरंजन घोष को अध्यक्ष, पार्थ मुखर्जी और विश्वजीत कुंडू संयुक्त संयोजक और प्रोफेसर विकास घोष को कोषाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने मेदिनीपुर के लोगों से इस महान पहल में शामिल होने का आग्रह किया है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

