खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में पांचबेड़िया इलाके के बाबलू मंडप में ‘वोटाधिकार रक्षा मंच’ ने एक अहम चर्चा बैठक बुलाई। इसमें इलाके के निवासी, सामाजिक कार्यकर्ता और नाम हटाए गए मतदाता बड़ी संख्या में पहुंचे।
चर्चा के दौरान खुलासा हुआ कि वार्ड नंबर 4 से अकेले 1761 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब कर दिए गए हैं। इससे इलाके में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
मंच के प्रमुख सदस्यों संगठक असलम अहमद, कामरूज्जमान, सोहेल रजा और साहिल रहमान शेख ने ऐलान किया कि हटाए गए नामों वाले मतदाताओं के अधिकार बचाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। इसमें कानूनी मदद, जरूरी कागजात जुटाने में सहायता और सरकारी दफ्तरों में दबाव डालना शामिल है।
सदस्यों के मुताबिक, यह मुहिम आज से ही शुरू हो चुकी है। प्रभावित मतदाताओं के लिए फॉर्म भरना, अपील दाखिल करना और जागरूकता फैलाने का विशेष ड्राइव चलेगा।
बैठक में मौजूद लोगों ने इस कदम की सराहना की और भरोसा जताया कि जल्द ही न्याय मिलेगा। मंच ने सभी पीड़ितों से कहा है कि वे अपनी शिकायतें दर्ज कराएं, ताकि उनके हक की लड़ाई लड़ी जा सके। खड़गपुर में लोकतंत्र की मजबूती के लिहाज से इसे बड़ा कदम माना जा रहा है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

