तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। झाड़ग्राम जिले के गोपीबल्लभपुर-1 प्रखंड अंतर्गत टोपगढ़िया गांव में समाजसेवी गौरांग मंडल एवं शिक्षिका अपर्णा मंडल की पहल पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाजसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण अभियान से हुई। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
इसके बाद आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 30 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। सभी रक्तदाताओं को प्रोत्साहन स्वरूप पौधे भेंट किए गए, ताकि रक्तदान के साथ-साथ हरियाली बढ़ाने का संदेश भी समाज तक पहुंचे।
स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक शिविर में भाग लेकर आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।
शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और सामाजिक संदेशों को सांस्कृतिक माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर गौरांग मंडल ने कहा कि समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है, वहीं पौधारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी सुनीता प्रधान एवं वर्णाली सुई ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने वाले ऐसे आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से लोगों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है।
ब्लॉक प्रशासन की ओर से भी इस सराहनीय पहल के लिए गौरांग मंडल और अपर्णा मंडल को शुभकामनाएं दी गईं तथा इसे समाजहित में एक सकारात्मक और अनुकरणीय प्रयास बताया गया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

