लोधा शबर बस्तियों में 500 से अधिक लोगों को नए कपड़े और राशन, बच्चों को कॉपी-पेन व मिठाई
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। शारदीय दुर्गोत्सव की दस्तक के बीच जंगलमहल के दूरदराज गांवों में रहने वाले लोधा शबर और आदिवासी परिवारों तक पूजा की खुशियां पहुंचीं। नदिया जिले की पर्यावरण संस्था ‘नदिया नेचर फर्स्ट’ ने बेलपहाड़ी थाना क्षेत्र के शिमूलपाल ग्राम पंचायत के शांखाभांगा सहित आसपास के गांवों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों के बीच नए वस्त्र और खाद्य सामग्री वितरित की।
संस्था की टीम ने शांखाभांगा के साथ हुदहुदी, शाबड़ाकाचा, तिलडाही, मुगवाही, तेतुलडांगा और बालिचुआ गांवों में भी सहायता सामग्री पहुंचाई। अभियान के दौरान लोधा शबर एवं अन्य आदिवासी समुदाय के 500 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चों को इसका लाभ मिला।
लोधा शबर परिवारों को 5 किलो चावल, 2 किलो आलू, 1 किलो प्याज, 2 किलो चूड़ा, 1 किलो चीनी और 1 किलो दाल दिया गया। प्रत्येक परिवार को एक फलदार पौधा भी प्रदान किया गया। वहीं, सौ से अधिक छात्र-छात्राओं को कॉपी और पेन दिए गए। बच्चों को चॉकलेट और बिस्कुट तथा बड़ों को भी बिस्कुट के पैकेट वितरित किए गए।
जंगलमहल के इन इलाकों में रोजगार के सीमित अवसरों के कारण कई लोधा शबर परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना चुनौती बना रहता है। ऐसे में दुर्गापूजा से पहले नए कपड़े और खाद्य सामग्री मिलने से गांवों में खुशी का माहौल रहा।
संस्था की पहल ने पर्व की खुशियों को उन परिवारों तक पहुंचाने का काम किया, जिनके लिए त्योहार का उत्सव अक्सर आर्थिक अभाव के बीच सिमट जाता है।
कार्यक्रम में नदिया नेचर फर्स्ट की ओर से डॉ. मुनमुन कीर्तनिया, शांतनु मंडल, रूमा आदक, सोमा भट्टाचार्य, महुआ भद्र, पार्थसारथी राय, मुकेश बनर्जी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
लोधा शबर संगठन के जोहर शबर और गणेश शबर ने संस्था के प्रति आभार जताया। लोधा शबर समुदाय के बीच लंबे समय से कार्य कर रहीं समाजसेवी झरना आचार्य भी कार्यक्रम में मौजूद थीं।
उन्होंने संस्था के सदस्यों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जंगलमहल के जरूरतमंद परिवारों के बीच इस तरह की पहल सामाजिक सरोकार को मजबूत करती है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

