तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। महिला उत्पीड़न और हिंसा के विरोध में “जागो नारी जागो बह्निशिखा” संगठन 9 से 16 दिसंबर तक पूरे राज्य में “अंगीकार यात्रा” आयोजित कर रहा है। इस यात्रा का एक प्रमुख केंद्र होगा मेदिनीपुर शहर, जहाँ बड़ी संख्या में महिलाएँ एकत्र होंगी।
29 नवंबर को मेदिनीपुर शहर के कॉलेज स्क्वायर स्थित स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्ति के नीचे मोमबत्तियाँ जलाकर इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आज मीडिया सम्मेलन आयोजित किया गया।
इस अवसर पर संगठन की स्वागत समिति की मेदिनीपुर शहर अध्यक्ष रोशनेरा खान, सचिव अनिंदिता जाना, तथा जगबन्धु अधिकारी, रेखा साहू, सुरेश चंद्र दास और सुदीप्ता रानी सांतरा उपस्थित थीं।

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि मेदिनीपुर जिले की महिलाएँ 11 दिसंबर को “शहीद तीर्थ” मेदिनीपुर शहर पहुँचेंगी और अगले दिन शहर परिक्रमा व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और साहस का संचार करना है। रोशनेरा खान ने कहा कि महिला उत्पीड़न रोकने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, समाज के हर व्यक्ति की है।
उन्होंने कहा, “प्रतिकार का रास्ता है प्रतिवाद। हमें घर से लेकर बाहर तक सजग और साहसी बने रहना होगा। ”सचिव अनिंदिता जाना ने बताया कि समाज में बढ़ते अत्याचारों और महिलाओं के प्रति असंवेदनशीलता के विरोध में यह अंगीकार यात्रा महिलाओं के सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



