भाईचारा बनाम भाजपा का है मौजूदा विधानसभा चुनाव : अखिलेश

शामली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि मौजूदा विधानसभा चुनाव भाईचारा बनाम भाजपा का है जिसमें सपा-रालोद गठबंधन जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ बुधवार को यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये अखिलेश ने कहा कि किसान, नौजवान नकारात्मक सोच की राजनीति करने वाली भाजपा को हटाना चाहते है।

जनता के आक्रोश का सामना जगह जगह भाजपा उम्मीदवारों और विधायकों को करना पड़ रहा है। कई गांव में भाजपा के नेताओं को सत्कार की जगह तिरस्कार झेलना पड़ा है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने लोगों को डरा कर रखा है जबकि जनता सपा गठबंधन की ओर उम्मीद से देख रही है। इस नाते यह डर और उम्मीद के बीच का भी चुनाव है जिसमें जीत जनता की उम्मीदों की होगी।

भाजपा सरकार के उत्पीड़न के शिकार किसान इस बार गठबंधन का समर्थन कर रहा है। यह किसानों के मान सम्मान का चुनाव है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाषा शैली पर कटाक्ष करते हुये सपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग मुख्यमंत्री की भाषा का नोटिस ले। उनका हलफनामा देखे कि उन पर कितनी आपराधिक धारायें लगी है।

अब तो भाजपा नेतृत्व को भी लगने लगा है कि उन्होने उन्हे मुख्यमंत्री बना कर गलती तो नहीं कर दी। यही कारण है कि योगी को उनकी पसंद का टिकट नहीं दिया गया। उनको घर वापसी का टिकट दे दिया। वास्तव में योगी का कोई दल नहीं है। वह बेदल है इसलिये भाजपा उन्हे पैदल चला रही है और यही कारण है कि उनकी भाषा बदल गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *