संवाद सूत्र, खड़गपुर। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का 72वां स्थापना दिवस गुरुवार को श्रद्धा, उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद भारत माता, भगवान विश्वकर्मा तथा संगठन के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वक्ताओं ने कहा कि 23 जुलाई 1955 को स्थापित भारतीय मजदूर संघ आज देश के प्रमुख श्रमिक संगठनों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनके हितों के लिए संगठन लगातार कार्य करता आ रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने श्रमिकों एवं कर्मचारियों से संगठित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा श्रमिक हितों की रक्षा के लिए सभी कर्मचारियों से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की गई।
स्थापना दिवस समारोह में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और संगठन की मजबूती तथा श्रमिक एकता का संदेश दिया गया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

